हिमाचल में बढ़ी तपिश, शिमला-मनाली की रातें सामान्य से कहीं अधिक गर्म

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बढ़ी तपिश, शिमला-मनाली की रातें सामान्य से कहीं अधिक गर्म


शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों शुष्क मौसम का दौर जारी है और लगातार खिली धूप ने पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक गर्मी का अहसास बढ़ा दिया है। गुरुवार को भी राज्य भर में आसमान साफ बना हुआ है। इससे खासकर निचले और मैदानी हिस्सों में दिन के तापमान में उछाल दर्ज किया गया और दोपहर के समय तपिश महसूस की गई। हैरानी की बात यह है कि सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी अब सामान्य से ज्यादा गर्म होने लगी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि कई शहरों में रात का पारा सामान्य से करीब 5 डिग्री तक अधिक रिकॉर्ड किया गया। आमतौर पर मार्च की शुरुआत में जहां सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहती है, वहीं इस बार तापमान में आई इस बढ़ोतरी ने मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों शिमला और मनाली में भी रातें सामान्य से काफी गर्म रही हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि मनाली में यह 6 डिग्री ज्यादा रहा। आम तौर पर इन दोनों पर्यटन स्थलों पर इस समय सुबह के वक्त ठंडक महसूस होती है, लेकिन इस बार यहां का न्यूनतम तापमान कई अन्य शहरों के मुकाबले असामान्य रूप से अधिक दर्ज किया गया है। निचले क्षेत्रों जैसे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में भी रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को सुबह और देर रात में भी ठंड का अहसास कम हो रहा है। लगातार सूखे मौसम और बादलों की गैरमौजूदगी को तापमान बढ़ने की बड़ी वजह माना जा रहा है।

अगर अलग-अलग शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो शिमला में रात का तापमान 15.4 डिग्री, सुंदरनगर में 10.2, भुंतर में 9.1, कल्पा में 7.2, धर्मशाला में 10.3 और ऊना में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नाहन में 13.6, केलांग में माइनस 0.3, पालमपुर में 15.0, सोलन में 13.2 और मनाली में 7.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। कांगड़ा में 13.6, मंडी में 10.6, बिलासपुर में 12.0, जुब्बड़हट्टी में 16.4, कुकुमसेरी में माइनस 0.9, पांवटा साहिब में 14.0, सराहन में 7.1, देहरा गोपीपुर में 16.0, ताबो में 1.8, नेरी में 17.8 और बरठीं में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि कई स्थानों पर रात का पारा सामान्य से 5 से 9 डिग्री तक ऊपर चल रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों यानी 6 मार्च को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। हालांकि 7 मार्च को ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। 8 मार्च को फिर मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 9 से 11 मार्च के बीच एक बार फिर ऊंचे क्षेत्रों में हल्के हिमपात की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story