हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, केलांग में माइनस 2.2 डिग्री पारा
शिमला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। रोहतांग दर्रे, अटल टनल के आसपास, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान गिरकर -2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 29 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 30 और 31 अक्टूबर को पहाड़ी क्षेत्रों में फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।
केलांग में सीजन की सबसे सर्द रात
मौसम विभाग के रविवार के आंकड़ों के अनुसार लाहौल स्पीति जिला के केलांग में न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार केलांग में पारा इस स्तर तक रिकार्ड हुआ है। यहां सीजन की सबसे सर्द रात रही। कुकुमसेरी में -1.1 और ताबो में 0.2 डिग्री तापमान रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में 7.4, कुफरी में 6.1 और शिमला में 10.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटों के दौरान 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शिमला में भी न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरा है।
कई शहरों में सामान्य से नीचे रहा न्यूनतम तापमान
राज्य में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चंबा और सोलन में न्यूनतम तापमान 9.6-9.6, भुंतर में 10.2, पालमपुर में 10.0, शिमला में 10.0, जुब्बड़हट्टी में 12.5, देहरा गोपीपुर में 12.0, कांगड़ा में 13.0, नाहन में 13.6, बर्थिन में 13.9, सुंदरनगर में 14.0, मंडी में 14.3, बिलासपुर में 14.5, धर्मशाला में 16.0, ऊना में 16.0, सराहन में 17.0 और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बजुआरा में 9.9, हमीरपुर में 15.1 और नेरी में 15.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सामान्य से कम तापमान की बात करें तो चंबा में तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री, पालमपुर में 2.6, नाहन और केलांग में 3.2-3.2 तथा शिमला में 0.2 डिग्री नीचे रहा। कल्पा का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम था।
सिरमौर के पांवटा साहिब में 5 मिलीमीटर बारिश, महीने के अंत में फिर बदलेगा मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में सबसे अधिक 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंडी जिले के मुरारी देवी में 3 मिलीमीटर और शिमला जिले के कोटखाई में 1.1 मिलीमीटर बारिश हुई। भरमौर में 1.4 मिलीमीटर, सुंदरनगर और कल्पा में 0.4-0.4, भुंतर में 0.4 तथा बैजौरा में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा में बूंदाबांदी दर्ज हुई। रविवार को शिमला में बादलों और धूप के बीच आंखमिचौली बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रह सकता है। इसके बाद 30 और 31 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

