शिमला सहित कई जगह बरसे बादल, बर्फबारी से लौटी सर्दी, आंधी-ओलों का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
शिमला सहित कई जगह बरसे बादल, बर्फबारी से लौटी सर्दी, आंधी-ओलों का अलर्ट


शिमला सहित कई जगह बरसे बादल, बर्फबारी से लौटी सर्दी, आंधी-ओलों का अलर्ट


शिमला, 15 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चल रहा सूखे जैसा मौसम आखिरकार टूटता नजर आ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बादल बरसने लगे हैं, जबकि ऊंचे इलाकों में बर्फबारी ने एक बार फिर सर्दी का अहसास लौटा दिया है। मौसम विभाग के ओरेंज अलर्ट के बीच रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली।

राजधानी शिमला, मनाली और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर घने बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश भी हुई। वहीं लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। बर्फबारी और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और खासकर पहाड़ी इलाकों में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।

कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है। किसानों के लिए यह बारिश राहत की बात है। पिछले कई हफ्तों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश नहीं होने के कारण खेत सूखने लगे थे और खासकर निचले इलाकों में गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ रही थी। अब यह बारिश और बदला हुआ मौसम किसानों के लिए संजीवनी की तरह माना जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह वर्षा गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार और सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

आज के लिए बिलासपुर, ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और शिमला जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश, बिजली कड़कने और ओले गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। 16 मार्च के लिए भी इसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है, हालांकि उस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 18 और 19 मार्च को फिर से कई इलाकों में आंधी और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। खासकर 18 मार्च को कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आया है। इसके असर से ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बादल व बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, सुंदरनगर 12.5 डिग्री, भुंतर 11.2 डिग्री, कल्पा 3.0 डिग्री, धर्मशाला 13.7 डिग्री, ऊना 12.4 डिग्री, नाहन 11.4 डिग्री, पालमपुर 13.0 डिग्री, सोलन 10.2 डिग्री और मनाली 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story