हिमाचल में भारी वर्षा, 2 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद, कई सड़कें ठप

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में भारी वर्षा, 2 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद, कई सड़कें ठप


हिमाचल में भारी वर्षा, 2 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद, कई सड़कें ठप


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता के बीच बीती रात से कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी वर्षा का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी और अन्य जिलों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई सड़कें बंद हो गई हैं, बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। भारी वर्षा के चलते सोलन और सिरमौर जिलों में आज शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।

सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। वहीं सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने भी लगातार हो रही भारी वर्षा और खराब मौसम को देखते हुए जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।

सिरमौर जिले में पिछले करीब 24 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है। जिला प्रशासन के अनुसार चार दर्जन से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हो चुकी हैं। कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को दैनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार वर्षा के कारण गिरि नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। गिरि जटोंन बांध से पानी छोड़ा गया है और बांध के सभी 10 गेट खोल दिए गए हैं। इसके बाद मैदानी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारों से दूर रहने और पूरी सावधानी बरतने को कहा है। जिला प्रशासन ने बाढ़ और भूस्खलन की आशंका भी जताई है।

मंडी जिले में भी लगातार बारिश का असर देखा जा रहा है। मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनोगी बाजार से पहले पहाड़ी से बड़ी चट्टान और मलबा गिरने के कारण बड़ी गाड़ियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। फिलहाल पुलिस की निगरानी में केवल छोटी गाड़ियों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है। सराज विधानसभा क्षेत्र के कुकुलाह खंड में जलस्तर बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने में दिक्कत हो रही है। लोगों ने सड़क संपर्क बहाल होने तक रोपवे से आवाजाही की अनुमति देने और किराए में राहत देने की मांग की है।

राजधानी शिमला में भी लगातार वर्षा का असर देखने को मिल रहा है। विकासनगर क्षेत्र में एक भवन के सामने की दीवार गिर गई, जिससे सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

मौसम विभाग ने आज के लिए कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सफर पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story