हिमाचल में 20 जून तक आंधी-वर्षा का येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में फिर बढ़ी तपिश

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 20 जून तक आंधी-वर्षा का येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में फिर बढ़ी तपिश


शिमला, 14 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और लोगों को एक बार फिर गर्मी का एहसास हुआ। खासकर राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से दिन के समय गर्मी बढ़ गई। राजधानी शिमला में भी दोपहर में धूप का असर देखने को मिला, हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना बना रहा।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 जून तक प्रदेश में आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान जताते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 28 मिमी वर्षा धर्मशाला में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा घुमरूर में 26, भरमौर में 16.5 मिमी, गुलेर में 16.2, नगरोटा सुर्रियाँ में 12.2, भरवाई में 12, ऊना में 10.6 मिमी, कांगड़ा में 9 मिमी, सराहन में 8 मिमी, नाहन में 6.2 मिमी, मनाली में 6 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 5.8 मिमी, कुकुमसेरी में 4.1 मिमी, बड़थिन में 3.6 मिमी, पालमपुर, बिलासपुर और सैंज में 3.2-3.2 मिमी, शिमला, भुंतर और नेरी में 3-3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने 15 और 16 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 17 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में इसी प्रकार के मौसम की चेतावनी रहेगी। 18 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 19 और 20 जून को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 20 से 25 जून के बीच हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे सकता है। फिलहाल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं।

रविवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमानों में सबसे कम 5.9 डिग्री सेल्सियस कुकुमसेरी में रहा। इसके बाद केलांग 6.0, भरमौर 7.0, कल्पा 8.4, ताबो 9.5, कुफरी 10.3, मनाली 13.1, शिमला 14.2, सोलन 14.5, सिओबाग 14.8, भुंतर 15.0, पालमपुर 15.0, चंबा 15.0, सुंदरनगर 15.9, डालहौजी 15.7, जुब्बड़हट्टी 16.5, धर्मशाला 16.7, बरठीं 17.2, मंडी 17.5, ऊना और नाहन 18.5, नेरी 19.7 तथा बिलासपुर, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 23 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story