हिमाचल में बारिश से जून की तपिश पर ब्रेक, 5 जिलों में येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बारिश से जून की तपिश पर ब्रेक, 5 जिलों में येलो अलर्ट


शिमला, 13 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून से पहले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) ने जून की तपिश पर ब्रेक लगा दिया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर ताजा बर्फबारी के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है। शिमला, कुल्लू, चंबा और जनजातीय जिलों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों में 5 जिलों में आंधी-वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी शिमला में शनिवार को भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। बीते दिनों की तुलना में यहां दिन के तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में भी मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार निचले और मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 6 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। तीन दिन पहले ऊना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब घटकर करीब 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

बारिश का असर रात के तापमान पर भी दिखाई दिया है। शनिवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। लाहौल स्पीति जिला के केलांग में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री, कुकुमसेरी 6.5 डिग्री, कल्पा 7.4 डिग्री, भरमौर 8.0 डिग्री, ताबो 8.2 डिग्री, कुफरी 10.8 डिग्री, सेओबाग 12.5 डिग्री, शिमला 14.2 डिग्री, सोलन 14.5 डिग्री, मनाली 14.7 डिग्री, डलहौजी 14.8 डिग्री, सराहन 15.3 डिग्री, पालमपुर 16.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 16.0 डिग्री, धर्मशाला 16.7 डिग्री, भुंतर 17.2 डिग्री, नाहन 17.7 डिग्री, कांगड़ा 18.4 डिग्री, चंबा 19.0 डिग्री, सुंदरनगर 19.4 डिग्री, ऊना 19.4 डिग्री, नेरी 19.5 डिग्री, बरठीं 20.0 डिग्री, मंडी 20.2 डिग्री, बिलासपुर 22.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर 22.3 डिग्री और पांवटा साहिब 24.0 डिग्री दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 66.8 मिमी बारिश गुलेर में हुई। इसके अलावा रायपुर मैदान में 47 मिमी, सोलन में 43 मिमी, नगरोटा सूरियां में 42.5 मिमी, घमरूर में 31.2 मिमी, अग्घर में 25.4 मिमी, पच्छाद में 25 मिमी, धर्मशाला में 23.1 मिमी, कांगड़ा में 19.1 मिमी, भरमौर में 18.5 मिमी, नेरी में 11.5 मिमी, ऊना और कुफरी में 10-10 मिमी, देहरा गोपीपुर में 9.2 मिमी तथा सुंदरनगर में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिमला में 1.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी, बिजली चमकने और वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 15 से 19 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब बना रहेगा, हालांकि इस अवधि के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति अनुकूल बनी हुई है और मानसून 20 से 25 जून के बीच हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story