लू से जूझ रहे हिमाचल में आसमान से बरसी राहत, कई जगह गिरे ओले, 10 जिलों में अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
लू से जूझ रहे हिमाचल में आसमान से बरसी राहत, कई जगह गिरे ओले, 10 जिलों में अलर्ट


शिमला, 29 मई (हि.स.)। नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

राजधानी शिमला व कुफरी में शाम के समय गरज व आंधी के साथ तेज बारिश व ओलावृष्टि हुई, जिसके बाद मौसम ठंडा हो गया। मंडी जिला के करसोग में हुई भारी ओलावृष्टि से गुठलीदार फलों व फसलों को भारी नुकसान हुआ। बादलों के बरसने से प्रदेश के अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने 30 मई को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी 10 जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, हालांकि इस दिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जून को मैदानी इलाकों को छोड़कर मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं 3 और 4 जून को केवल उच्च पर्वतीय इलाकों में ही बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर जिला के नाहन में सबसे अधिक 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पांवटा साहिब में 6 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 4 मिलीमीटर तथा कुकुमसेरी, केलांग और चंबा में 2-2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के कई शहरों के तापमान में गिरावट आई है। ऊना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शिमला का तापमान 4 डिग्री की गिरावट के साथ 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला का अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस रहा। नाहन का तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री की गिरावट के बाद 34.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

मनाली का तापमान 4.8 डिग्री गिरकर 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री गिरावट के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडी का तापमान 2.1 डिग्री गिरकर 34.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पर्यटन स्थल कुफरी का अधिकतम तापमान 6.3 डिग्री गिरावट के साथ 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बरठीं में तापमान 4.1 डिग्री गिरकर 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बता दें कि प्रदेश में बीते कुछ दिनों से नौतपा के कारण भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा था। निचले और मैदानी इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। वहीं शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में भी सामान्य से अधिक गर्मी पड़ रही थी। अब मौसम में आए बदलाव और बारिश के बाद लोगों ने राहत महसूस की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story