हिमाचल प्रदेश में गर्मी से मिलेगी राहत, छह दिन बरसेंगे बादल, अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश में गर्मी से मिलेगी राहत, छह दिन बरसेंगे बादल, अलर्ट जारी


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में लगातार साफ मौसम के चलते गर्मी का असर तेज होता जा रहा है, लेकिन अब लोगों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को भी प्रदेश भर में तेज धूप खिली है। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है और राज्य का औसत न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम करवट लेने वाला है और कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधियां (आइसोलेटेड) शुरू हो सकती हैं। 25 अप्रैल को कई जगहों पर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 26 और 27 अप्रैल को भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गर्जना की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 28 और 29 अप्रैल को मौसम और सक्रिय होगा, जब कई इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 25, 27, 28 और 29 अप्रैल के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन छह दिनों के दौरान बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवातीय सिस्टम को माना जा रहा है, जो क्षेत्र में सक्रिय होंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में कमी और मौसम के सुहावना होने की उम्मीद है, जिससे प्रदेशवासियों को तपती गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

इस बीच, राज्य में दिन के साथ रातें भी गर्म हो गई हैं और न्यूनतम तापमान तेज़ी से बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुकुमसेरी 5.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इसके बाद ताबो 6.4, कल्पा 9.0, मनाली 10.4, सराहन 10.6, भुंतर 13.1, बरठीं 13.8, सोलन 15.0, सुंदरनगर 15.6, शिमला 16.4, पालमपुर 16.5, मंडी 16.7, धर्मशाला और ऊना 17.0-17.0, बिलासपुर 17.5, नाहन 18.0, कांगड़ा 18.2, जुब्बड़हट्टी 19.5, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर 22-22 डिग्री दर्ज किए गए। इन आंकड़ों से साफ है कि रात का तापमान भी लगातार ऊपर जा रहा है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story