मानसून से पहले हिमाचल में झमाझम बारिश, 2 और 3 जुलाई को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मानसून से पहले हिमाचल में झमाझम बारिश, 2 और 3 जुलाई को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट


मानसून से पहले हिमाचल में झमाझम बारिश, 2 और 3 जुलाई को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट


शिमला, 29 जून (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून के हिमाचल प्रदेश में प्रवेश से पहले ही मौसम ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीती रात और रविवार तड़के प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। इससे मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। राजधानी शिमला में भी रात के दौरान जोरदार वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी तथा जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के हिमाचल में प्रवेश करने की संभावना है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान मंडी जिले के मुरारी देवी में सबसे अधिक 63.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर जिले के ब्रह्माणी में 51.4 मिलीमीटर, घाघस में 50 मिलीमीटर, मंडी के बिजाही में 45.7 मिलीमीटर, स्लापड़ में 45.1 मिलीमीटर और शिमला जिले के शिलारू में 33.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी शिमला में 13.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा हमीरपुर में 36 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 26.2 मिलीमीटर, बिलासपुर में 26 मिलीमीटर, सोलन में 19.8 मिलीमीटर, देहरा गोपीपुर में 16.3 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 14.2 मिलीमीटर और नाहन में 11.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून की उत्तरी सीमा अभी उत्तराखंड की ओर बढ़ रही है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है और इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में प्रवेश करने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी आधार पर प्रदेश में जुलाई के पहले सप्ताह के दौरान मानसून की दस्तक की संभावना जताई गई है। इस बार मानसून सामान्य से देरी से पहुंच रहा है। हिमाचल में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है, जबकि पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में दस्तक दे दी थी।

मौसम विभाग ने 29 और 30 जून को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, गर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। एक जुलाई को भी इसी तरह का येलो अलर्ट रहेगा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। दो और तीन जुलाई को मौसम विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चार और पांच जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है तथा तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी रहेगी।

बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में पांवटा साहिब सबसे गर्म रहा, जहां 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद देहरा गोपीपुर 27.1 डिग्री, मंडी 24.5 डिग्री, कांगड़ा 24.2 डिग्री, हमीरपुर 23.9 डिग्री, नेरी 23.2 डिग्री, बरठीं 23.1 डिग्री, ऊना और बिलासपुर 23-23 डिग्री तथा सुंदरनगर 22.3 डिग्री सेल्सियस के साथ दर्ज किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story