हिमाचल में फिर मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 28 से 30 जुलाई तक ओरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में फिर मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 28 से 30 जुलाई तक ओरेंज अलर्ट


शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 26 और 27 जुलाई के लिए भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और भूस्खलन तथा फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। उधर, शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में शनिवार को भी मौसम खराब बना हुआ है और कई स्थानों पर बादल छाए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 80.5 मिलीमीटर बारिश धर्मशाला में हुई। इसके अलावा पालमपुर में 62.0 मिमी, पच्छाद में 41.3 मिमी, गोहर में 40.0 मिमी, मंडी में 39.8 मिमी, बरठीं में 32.2 मिमी, स्लापर में 31.6 मिमी, कांगड़ा में 30.4 मिमी, सराहन में 28.7 मिमी, जोगिंद्रनगर में 23.0 मिमी, जट्टन बैराज में 20.4 मिमी, जोत में 18.6 मिमी और जुब्बड़हट्टी में 15.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस मंडी में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में फ्लैश फ्लड का जोखिम भी जताया है। विभाग का कहना है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है और छोटे नालों में तेज बहाव आ सकता है।

26 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 27 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 28 जुलाई को हमीरपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 29 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में फिर भारी से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट रहेगा। इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। 30 जुलाई के लिए भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी है।

मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है और नदियों, खड्डों तथा नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन के कारण सड़क हादसों का जोखिम, यातायात प्रभावित होने और बागवानी तथा खेती को नुकसान पहुंचने की भी संभावना जताई गई है।

इस बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में भूस्खलन और बारिश के कारण 121 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 63 बिजली ट्रांसफार्मर और 179 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story