आंधी-बारिश के अलर्ट के बीच 44 डिग्री तक तपा हिमाचल, ऊना सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-बारिश के अलर्ट के बीच 44 डिग्री तक तपा हिमाचल, ऊना सबसे गर्म


शिमला, 11 जून (हि.स.)। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के ओरेंज-येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। निचले और मैदानी इलाकों में तापमान कई जगह 40 डिग्री के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया, जबकि पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे दिन के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन भर की तपिश के बाद कुछ क्षेत्रों में शाम को बादल छाए, हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे गर्मी से बहुत अधिक राहत नहीं मिली।

गुरुवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद हमीरपुर के नेरी में 38.7 डिग्री, मंडी में 37.2 डिग्री, कांगड़ा में 37.0 डिग्री, सुंदरनगर में 36.8 डिग्री, भुंतर में 36.0 डिग्री, बरठीं में 35.8 डिग्री, धर्मशाला और सोलन में 34.0-34.0 डिग्री, नाहन में 32.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 32.0 डिग्री, शिमला में 28.0 डिग्री, मनाली में 27.5 डिग्री, तबो में 24.0 डिग्री, कुफरी में 22.3 डिग्री, कल्पा में 21.5 डिग्री और केलांग में 20.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री और मनाली का 1.3 डिग्री अधिक रहा, जो यह दिखाता है कि हिल स्टेशनों में भी गर्मी का असर बना हुआ है।

दिन के साथ-साथ रातें भी अपेक्षाकृत गर्म रहीं। गुरुवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में बिलासपुर 26.0 डिग्री और पांवटा साहिब 26.0 डिग्री के साथ सबसे ऊपर रहे। इसके बाद नेरी 25.1 डिग्री, कांगड़ा 23.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर 23.2 डिग्री, ऊना 22.6 डिग्री, सुंदरनगर 22.0 डिग्री, मंडी 21.6 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 21.6 डिग्री, पालमपुर 21.0 डिग्री, बरठीं 21.1 डिग्री, सोलन 20.0 डिग्री, शिमला 19.0 डिग्री, चंबा 18.9 डिग्री, धर्मशाला 18.5 डिग्री, भुंतर 17.2 डिग्री, नाहन 17.1 डिग्री, सेओबाग 16.3 डिग्री, कुफरी 15.5 डिग्री, मनाली 13.9 डिग्री, सराहन 13.4 डिग्री, कल्पा 10.8 डिग्री, तबो 8.9 डिग्री, केलांग 7.0 डिग्री और कुकुमसेरी 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री और मनाली का 1.7 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग ने कल यानी 12 जून से 16 जून तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 12 जून को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और सोलन में इसी तरह की गतिविधियों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। 13 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का येलो अलर्ट है। 14 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, जबकि 15 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, बारिश और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 जून को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 17 जून को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने की संभावना है, हालांकि उस दिन किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story