हिमाचल में 18 मई से बढ़ेगा गर्मी का कहर, आज-कल अंधड़ और बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 18 मई से बढ़ेगा गर्मी का कहर, आज-कल अंधड़ और बारिश का अलर्ट


हिमाचल में 18 मई से बढ़ेगा गर्मी का कहर, आज-कल अंधड़ और बारिश का अलर्ट


शिमला, 15 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों तक ठंडे मौसम और रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद अब मौसम तेजी से करवट ले रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिलने से उमस महसूस की गई।

मौसम विभाग ने आज और कल चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि 17 मई को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है, लेकिन 18 मई से 21 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। इसके चलते तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ने लगेगा। निचले इलाकों में तपिश और ज्यादा महसूस की जाएगी।

प्रदेश में इस महीने लगातार बदलों के बरसने और ऊंची चोटियों पर हिमपात होने के कारण पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बना हुआ था। लेकिन अब मौसम साफ होने से तापमान तेजी से ऊपर चढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में शिमला और मनाली जैसे प्रमुख हिल स्टेशनों के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। दूसरी तरफ निचले इलाकों में तपिश तेज हो गई है।

शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो केलांग में सबसे कम 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद कुकुमसेरी में 5.4, तबो में 8.1, कल्पा में 9.0, सियोबाग में 11.0, मनाली में 11.6, कुफरी में 11.6, सराहन में 11.6, धर्मशाला में 13.9, सोलन में 15.0, भुंतर में 15.1, चंबा में 15.5, डलहौजी में 15.6, शिमला में 16.0, नाहन में 16.9, पालमपुर में 17.5, ऊना में 18.2, जुब्बड़हट्टी में 18.4, बरठीं में 18.9, मंडी में 19.5, सुंदरनगर में 19.6, कांगड़ा में 20.2, देहरा गोपीपुर में 21.0, बिलासपुर में 22.0 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story