हिमाचल में गर्मी का असर तेज, 40 डिग्री के करीब पारा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में गर्मी का असर तेज, 40 डिग्री के करीब पारा


शिमला, 20 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के तीसरे सप्ताह में अब गर्मी का असर तेज़ होने लगा है और मैदानी इलाकों में दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ऊना में सोमवार को पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां प्रदेश में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी बढ़ने से लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है।

मैदानी और मध्य क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। कई स्थानों पर दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों, दिहाड़ी मजदूरों और बाहर काम करने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शिमला में सोमवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जुब्बड़हट्टी में 29.5 डिग्री, धर्मशाला में 30 डिग्री, सोलन में 31 डिग्री, भुंतर में 31.6 डिग्री, मंडी में 33.2 डिग्री, नाहन में 33.7 डिग्री, कांगड़ा में 33.9 डिग्री और सुंदरनगर में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 23 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले तीन दिनों तक गर्मी का असर और तेज हो सकता है और तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

हालांकि 24 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। इस दिन उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा। 25 अप्रैल को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

26 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने और कई स्थानों पर बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story