हिमाचल के मैदानी इलाक़ो में फिर बढ़ी तपिश, शिमला में बरसे बादल, 22 जून तक अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के मैदानी इलाक़ो में फिर बढ़ी तपिश, शिमला में बरसे बादल, 22 जून तक अलर्ट


शिमला, 19 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई, जबकि राजधानी शिमला में शाम के समय हुई हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो गया।

मौसम विभाग ने 20 और 21 जून के लिए लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के शेष 10 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। 22 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 23 और 24 जून को भी मौसम खराब रहने की संभावना है, हालांकि इन दिनों कोई औपचारिक अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल में प्रवेश कर सकता है।

शुक्रवार को साफ मौसम के कारण मैदानी जिलों में तापमान फिर चढ़ने लगा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां बीते 24 घंटों में तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी भी हुई। इसके बाद हमीरपुर के नेरी 35.0 डिग्री, सुंदरनगर और बरठीं 33.7-33.7 डिग्री, मंडी 32.6 डिग्री, नाहन 32.0 डिग्री, कांगड़ा 30.1 डिग्री, धर्मशाला और सोलन 30.0-30.0 डिग्री, भुंतर 29.8 डिग्री, चंबा 29.4 डिग्री, रिकांगपिओ 29.2 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 28.0 डिग्री, शिमला 25.0 डिग्री, कल्पा 24.4 डिग्री, मनाली 23.4 डिग्री, ताबो 23.3 डिग्री, नारकंडा 22.7 डिग्री, कुफरी 20.2 डिग्री और केलांग में सबसे कम 17.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटों के दौरान 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई और यह सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा।

हालांकि दिन में अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही, लेकिन पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। चंबा जिले के सलूणी में सबसे अधिक 31 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा सिरमौर के संगड़ाह और राजगढ़ में 20-20 मिलीमीटर, धर्मशाला में 18 मिलीमीटर तथा जोत और कोटखाई में 12-12 मिलीमीटर बारिश हुई। इन बारिशों के कारण कई पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहेंगी। दिन में धूप और गर्मी के बाद दोपहर या शाम को तेज हवाओं, गर्जन और बौछारों का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में किसानों, बागवानों और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story