हिमाचल में फिर भीषण गर्मी, पारा 42 डिग्री पार, शिमला से ज्यादा तपा मनाली

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में फिर भीषण गर्मी, पारा 42 डिग्री पार, शिमला से ज्यादा तपा मनाली


शिमला, 26 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भी सूरज के तेवर बेहद तीखे रहे और राज्य के कई इलाकों में भीषण गर्मी व लू ने लोगों को बेहाल किया। मैदानी और निचले इलाकों में गर्म हवाएं चलती रहीं, जबकि पहाड़ों में भी तपिश बढ़ गई। प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हिल स्टेशन शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा, जबकि मनाली में सामान्य से दो डिग्री अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।

खास बात यह रही कि इस बार मनाली, शिमला से ज्यादा गर्म रहा। मनाली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला में पारा 27 डिग्री रहा। हालांकि शिमला में सोमवार की तुलना में तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई।

तेज धूप और बढ़ती गर्मी का असर पर्यटन स्थलों पर भी देखने को मिला। शिमला के रिज मैदान और मॉल रोड पर दोपहर के समय आम दिनों की तुलना में सैलानियों की आवाजाही कम रही। मनाली में भी दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

राज्य के निचले इलाकों में गर्मी का सबसे ज्यादा असर ऊना में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा हमीरपुर जिला के नेरी 39 डिग्री, सुंदरनगर 37.9, कांगड़ा 37.4, मंडी 37.4, सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन 36.7 और बिलासपुर के बरठीं 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुल्लू जिला के भुंतर में तापमान 34.5 डिग्री, सोलन में 34.5, चंबा में 32.3 और शिमला जिला के जुब्बड़हट्टी में 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गर्मी महसूस की गई। किन्नौर जिला के कल्पा में 22.4, शिमला जिला के कुफरी-फागू में 22.7 और लाहौल स्पीति जिला के केलांग में 18.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के प्रभाव के चलते अगले एक दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर और चंबा में 27 मई को लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि इन इलाकों में अगले 24 घंटे तक गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। इस बीच पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन इससे तापमान पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।

हालांकि 28 मई से मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 मई से प्रदेश में बादल बरस सकते हैं। विभाग ने 28 और 29 मई के लिए शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का येलो व ओरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

इसके बाद 30 मई को सात जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में खराब मौसम का येलो अलर्ट रहेगा। वहीं 31 मई और 1 जून को प्रदेश के मध्य पर्वतीय और कुछ मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि कई मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story