हिमाचल : पहाड़ों में मौसम खराब, मैदानी इलाकों में तेज धूप, 26 से लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल : पहाड़ों में मौसम खराब, मैदानी इलाकों में तेज धूप, 26 से लू का अलर्ट


शिमला, 24 मई (हि.स.)। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को राज्य के ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। कई जगह बादल छाए हैं, जबकि उच्च पर्वत श्रंखलाओं पर बीती रात हल्की बर्फबारी भी हुई। दूसरी ओर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जैसे निचले व मैदानी इलाकों में सुबह से तेज धूप खिली है और गर्मी का असर महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 23 मिलीमीटर बारिश सुनिभज्जी में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोत में 11 मिलीमीटर, जोगिंद्रनगर में 8 मिलीमीटर, फागू में 3 मिलीमीटर, कोकसर में 1.4 मिलीमीटर और पंडोह में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई, हालांकि इसका असर सीमित क्षेत्रों तक रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि शिमला, भुंतर, जोत और मुरारी देवी क्षेत्र में बिजली चमकने की घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं शिमला में ओलावृष्टि भी हुई। सुंदरनगर में 43 किलोमीटर प्रति घंटा और सिओबाग में 52 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई को राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 26, 27 और 28 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसी दौरान निचले और मैदानी इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

28 मई से मौसम फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से 28 मई से प्रदेश में फिर से बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 28, 29 और 30 मई को कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 29 मई को कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इस बीच, रविवार सुबह राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.1 डिग्री, केलांग 5.3, ताबो 5.3, कल्पा 7.4, भुंतर 12.8, सराहन 13.5, सोलन 15.0, पालमपुर 16.5, सुंदरनगर 16.6, मंडी 17.4, शिमला 18.0, कांगड़ा 19.4, नेरी 19.8, धर्मशाला 20.6, ऊना 20.2, नाहन 20.1, बिलासपुर 21.0, जुब्बड़हट्टी 21.2, देहरा गोपीपुर 23.0 और पांवटा साहिब में 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story