हिमाचल में भीषण गर्मी से राहत के बाद फिर बढ़ेगा पारा, 26-27 मई को लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में भीषण गर्मी से राहत के बाद फिर बढ़ेगा पारा, 26-27 मई को लू का अलर्ट


शिमला, 23 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मई की भीषण गर्मी के बीच मौसम ने हल्की राहत दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतर स्थानों के अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चले गए हैं। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। विभाग ने 26 और 27 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि 28 मई से एक बार फिर मौसम बदलने और कई जगह बादल बरसने की संभावना जताई गई है।

शनिवार सुबह राजधानी शिमला में बादलों के बीच हल्की धूप देखने को मिली। निचले इलाकों में कहीं तेज धूप तो कहीं बादल छाए हैं। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद लोगों ने मौसम में आई नरमी से कुछ राहत महसूस की।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। निचार में 17 मिमी, सराहन में 15.5 मिमी, कल्पा में 13.4 मिमी, मनाली और कुकुमसेरी में 10-10 मिमी, भुंतर में 9.8 मिमी और सियोबाग में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चलीं। हमीरपुर के नेरी में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं रिकॉर्ड की गईं। कोकसर में ओलावृष्टि भी हुई।

तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान आज सुबह 19 डिग्री, सुंदरनगर 17.1, भुंतर 13.5, कल्पा 6.4, धर्मशाला 18.8, ऊना 20.5, नाहन 20.9, केलांग 6 डिग्री, पालमपुर 18.5, सोलन 16.6, मनाली 10.2, कांगड़ा 19.7, मंडी 18.7, बिलासपुर 22.5, डलहौजी 11.2, जुब्बड़हट्टी 20, कुफरी 15.8, बरठीं 17.5, पांवटा साहिब 26, सराहन 13.2, देहरा गोपीपुर 22 और तबो का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23, 24 और 25 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। आज कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। 26 और 27 मई को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और इसी दौरान मैदानी व निचले इलाकों में लू चल सकती है। 28 मई को फिर मौसम करवट ले सकता है। विभाग ने उस दिन कई जगह गरज, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। 29 मई को भी कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज और ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story