शिमला से ज्यादा ठंडी हुई सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर की रातें, 25 नवंबर तक नहीं गिरेगी बर्फ

WhatsApp Channel Join Now
शिमला से ज्यादा ठंडी हुई सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर की रातें, 25 नवंबर तक नहीं गिरेगी बर्फ


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में भी रातें पहाड़ी राजधानी शिमला से ज्यादा ठंडी हो गई हैं। वीरवार को सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान शिमला के मुकाबले कम दर्ज किया गया। सुंदरनगर में रात का तापमान शिमला से 3.6 डिग्री, ऊना में 1.7 डिग्री और बिलासपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी 25 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग की वीरवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान में मनाली में 2.8, कल्पा में 3.0, सेओबाग में 3.0, बजौरा में 3.4, भुंतर में 3.7, सोलन में 5.0, सुंदरनगर में 5.4, चंबा में 5.8, बरठीं में 6.1, मंडी में 6.2, पालमपुर में 6.5, ऊना में 7.3, बिलासपुर में 7.5, कांगड़ा में 7.9, भरमौर में 8.0, शिमला में 9.0, जुब्बड़हट्टी में 10.0, नाहन में 11.1, धर्मशाला में 12.0, नेरी में 12.1, सराहन में 15.3 और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के सात मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इनमें पालमपुर में तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री, मंडी में 2.5 डिग्री, नाहन और चंबा में 1.7-1.7 डिग्री, बिलासपुर में 1.5 डिग्री, भुंतर में 0.2 डिग्री और सोलन में 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जबकि यह सामान्य से औसतन 0.2 डिग्री कम बना हुआ है।

धूप से पहाड़ों में सुहावना मौसम, मैदानों में हल्की तपिश

वीरवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि सूरज ढलने के बाद तापमान में गिरावट आने से रातें सर्द हो रही हैं। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। यहां झरनों, झीलों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है।

मौसम विभाग ने 25 नवंबर तक प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस अवधि में किसी भी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में खासकर जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय ठंड और बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story