हिमाचल में 24 नवंबर तक नहीं बरसेंगे बादल, सर्द रातों ने बढ़ाई ठिठुरन, शून्य से 4 डिग्री नीचे पारा
शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के बीच रात की ठंड लगातार बढ़ रही है। लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केलांग में भी रात का तापमान माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में भी सर्दी का असर बढ़ रहा है। वहीं, मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। ऊना जैसे मैदानी इलाकों में दोपहर के समय हल्की गर्मी भी महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में एक हफ्ता यानी 24 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिन के अधिकतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। धूप निकलने से दिन में लोगों को ठंड से राहत मिलेगी, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। इसके बाद यह सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में भी रातें ठंडी हो रही हैं। शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और मनाली में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके विपरीत जनजातीय क्षेत्रों में तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में सबसे कम माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में माइनस 2.1 डिग्री, कल्पा में 1.8 डिग्री, सेओबाग में 2.6 डिग्री, मनाली में 2.8 डिग्री, बजौरा में 3.1 डिग्री, भुंतर में 3.8 डिग्री, सोलन में 4.8 डिग्री, बरठीं में 5.1 डिग्री, सुंदरनगर में 5.6 डिग्री और मंडी में 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इसी तरह पालमपुर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, कुफरी में 6.9 डिग्री, बिलासपुर में 7.0 डिग्री, शिमला और ऊना में 7.6 डिग्री, कांगड़ा में 7.8 डिग्री, भरमौर में 8.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 9.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 10.0 डिग्री, नाहन में 10.3 डिग्री, धर्मशाला में 10.6 डिग्री, नेरी में 11.6 डिग्री और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से भी नीचे चल रहा है। पालमपुर में यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। नाहन में सामान्य के मुकाबले 2.5 डिग्री, मंडी में 2.4 डिग्री और बिलासपुर में 2.0 डिग्री की गिरावट रही। सोलन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री और भुंतर तथा केलांग में 0.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं होने से प्रदेश में शुष्क ठंड का असर जारी रहेगा। दिन में धूप से राहत मिलेगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

