हिमाचल प्रदेश के नौ शहरों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा, 24-25 अक्टूबर को बिगड़ेगा मौसम

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश के नौ शहरों में सामान्य से नीचे पहुंचा पारा, 24-25 अक्टूबर को बिगड़ेगा मौसम


शिमला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सुबह और शाम ठंड बढ़ने लगी है। जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिला के ताबो में वीरवार को न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में यह 0.5 डिग्री रहा। राज्य के नौ शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। वीरवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा।

प्रदेश में पिछले कई दिनों से धूप खिलने के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मैदानी इलाकों में दिन के समय हल्की तपिश महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ रहा है। वीरवार को भी राज्य में मौसम साफ है और सुबह से गुनगुनी धूप खिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे यानी 23 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के शेष हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं।

लाहौल स्पीति का ताबो सबसे ठंडा

प्रदेश के जनजातीय इलाकों में ठंड का असर बढ़ रहा है। लाहौल-स्पीति का ताबो सबसे ठंड स्थल रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में यह 0.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नौ शहरों में सामान्य से नीचे रहा न्यूनतम तापमान

वीरवार को प्रदेश के नौ शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। नाहन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम होकर 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर में तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री नीचे 10.2 डिग्री, मंडी में 2.7 डिग्री नीचे 11.1 डिग्री और बिलासपुर में 2.5 डिग्री नीचे 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह चंबा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में यह सामान्य से 1.3 डिग्री कम 9.4 डिग्री, सोलन में 0.9 डिग्री कम 8.5 डिग्री, भूंतर में 0.7 डिग्री कम 8.4 डिग्री और केलांग में सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मनाली में 6.4 डिग्री, सिओबाग में 7.3 डिग्री और बजौरा में 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा कुफरी में 10.4 डिग्री, और मंडी में 11.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

शिमला, बिलासपुर और भरमौर में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बरठीं में 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। ऊना, कांगड़ा और जुब्बरहट्टी में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री, धर्मशाला में 14.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 15.0 डिग्री, नेरी में 15.6 डिग्री, सराहन में 17.2 डिग्री और पोंटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

24 और 25 अक्टूबर को बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को मौसम में बदलाव हो सकता है। 24 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं। अगले दिन यानी 25 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

इन दोनों दिनों में मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम खराब होने की संभावना है। हालांकि 24 और 25 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 26, 27 और 28 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम फिर शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764740 Articles

Share this story