हिमाचल में 25 अक्टूबर तक नहीं बिगड़ेगा मौसम, जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 25 अक्टूबर तक नहीं बिगड़ेगा मौसम, जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड


हिमाचल में 25 अक्टूबर तक नहीं बिगड़ेगा मौसम, जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड


शिमला, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अक्टूबर तक प्रदेश के मैदानी, मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। दिन में धूप खिलने से मौसम सुहावना रहेगा, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है। जनजातीय क्षेत्रों में सर्दी का असर तेज हो गया है और पारा जमाव बिंदू के करीब पहुंच गया है। लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री, कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री, ताबो में 2.1 डिग्री और किन्नौर जिला के कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा, हालांकि पिछले 24 घंटों के मुकाबले इसमें 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

जनजातीय क्षेत्रों में बढ़ी ठंड, केलांग सबसे ठंडा

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रातें सर्द होने लगी हैं। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग और कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान एक डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। ताबो में पारा 2.1 डिग्री और किन्नौर जिले के कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इन क्षेत्रों में रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

सोमवार सुबह दर्ज आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 0.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद कुकुमसेरी में 0.8 डिग्री, ताबो में 2.1 डिग्री और कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री और सेओबाग में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला में 12 डिग्री, पांवटा साहिब सबसे गर्म

राज्य के विभिन्न मौसम केंद्रों में दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार भुंतर में 8.1 डिग्री, सोलन में 8.5 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री, सुंदरनगर में 10.1 डिग्री, कुफरी में 10.8 डिग्री और बरमाणा में 11.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी और मंडी में 12.4 डिग्री, बिलासपुर में 12.5 डिग्री तथा देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ऊना में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री, नाहन में 15.2 डिग्री, नेरी में 15.9 डिग्री और धर्मशाला में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उपलब्ध आंकड़ों में सबसे अधिक रहा।

कई शहरों में सामान्य से नीचे रहा न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री, भुंतर में 1.0 डिग्री, पालमपुर में 3.2 डिग्री, सोलन में 0.9 डिग्री और मनाली में 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कांगड़ा में तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री, मंडी में 1.4 डिग्री और बिलासपुर में 2.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

केलांग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री, नाहन में 2.6 डिग्री और ऊना में 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। भुंतर और पालमपुर में भी सामान्य की तुलना में तापमान में कमी दर्ज की गई। इसके विपरीत शिमला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री, धर्मशाला में 3.4 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। कल्पा में न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर दर्ज किया गया।

धूप से दिन में सुहावना रहेगा मौसम

प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने और धूप खिलने से दिन के समय राहत बनी हुई है। सोमवार को भी शिमला और मनाली सहित कई क्षेत्रों में धूप खिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763286 Articles

Share this story