हिमाचल में आज व कल बारिश-बर्फबारी के आसार, अलर्ट, पांवटा साहिब में 38 डिग्री पहुंचा पारा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में आज व कल बारिश-बर्फबारी के आसार, अलर्ट, पांवटा साहिब में 38 डिग्री पहुंचा पारा


शिमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राज्य के उच्च पर्वतीय और मध्यवर्ती क्षेत्रों में आसमान बादलों से घिरा रहा, जबकि शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। निचले इलाकों में कहीं हल्की धूप तो कहीं बादलों का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार आज और कल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए मध्यवर्ती क्षेत्रों में आसमानी बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि सोमवार को मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादलों के बरसने के आसार हैं, जबकि 21 से 23 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 24 और 25 अप्रैल को फिर से कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है।

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और कई स्थानों पर लोगों ने दिन में गर्मी महसूस की। सिरमौर जिला का पांवटा साहिब प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां 0.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 4.6 डिग्री, कल्पा में 6.4 डिग्री, सराहन में 8.4 डिग्री, मनाली में 10.7 डिग्री, भुंतर में 12.0 डिग्री, सोलन में 13.5 डिग्री, धर्मशाला में 14.7 डिग्री, सुंदरनगर में 15.1 डिग्री, बरठीं में 15.2 डिग्री, मंडी में 15.7 डिग्री, पालमपुर में 16.5 डिग्री, शिमला में 16.8 डिग्री, कांगड़ा में 17.8 डिग्री, ऊना और देहरा गोपीपुर में 18.0-18.0 डिग्री, नाहन में 18.5 डिग्री, बिलासपुर में 19.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 19.6 डिग्री और पांवटा साहिब में 22.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बीते 24 घंटों के दौरान कुकुमसेरी में 7.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि केलांग में हल्की वर्षा हुई। सियोबाग में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story