हिमाचल में बदलेगा मौसम, कई जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट, बर्फबारी के भी आसार

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बदलेगा मौसम, कई जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट, बर्फबारी के भी आसार


हिमाचल में बदलेगा मौसम, कई जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट, बर्फबारी के भी आसार


शिमला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य में अगले दो दिन 29 और 30 अक्टूबर को कई जिलों में अंधड़ चलने, बिजली चमकने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 नवंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इसके बाद 3 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मौसम खराब होने के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है। 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने और बर्फबारी होने के आसार हैं। इस दौरान मैदानी इलाकों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

बुधवार को शिमला और मनाली सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण दिन में सुहावना एहसास हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे रिकार्ड किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड और बढ़ने की संभावना है।

लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 2.7 डिग्री तापमान

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में दर्ज किया गया, जहां रात का पारा माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद केलांग में माइनस 0.2 डिग्री और ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान देखें, तो कल्पा में 4.4 डिग्री, मनाली में 5.9 डिग्री, बजौरा में 7.4 डिग्री, भुंतर और सोलन में 7.8 डिग्री, कुफरी में 8.2 डिग्री, सुंदरनगर में 9.2 डिग्री, पालमपुर में 9.5 डिग्री, चंबा में 9.6 डिग्री, बरठीं में 10.2 डिग्री, कांगड़ा और मंडी में 10.5 डिग्री, भरमौर में 11.0 डिग्री, ऊना में 11.2 डिग्री, शिमला और बिलासपुर में 12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 13.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री, धर्मशाला में 14.2 डिग्री, नाहन में 15.1 डिग्री, नेरी में 16.1 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

आठ शहरों में तापमान सामान्य से नीचे

प्रदेश के आठ शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। पालमपुर में तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। चंबा में यह 1.4 डिग्री, नाहन और केलांग में 1.2 डिग्री, मंडी में 0.6 डिग्री, कांगड़ा में 0.5 डिग्री तथा सोलन और बिलासपुर में 0.1-0.1 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768041 Articles

Share this story