हिमाचल में रातें हुईं सर्द, कुकुमसेरी में माइनस 2.4 डिग्री पहुंचा पारा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में रातें हुईं सर्द, कुकुमसेरी में माइनस 2.4 डिग्री पहुंचा पारा


शिमला, 04 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ने लगी है। खासकर जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रातें काफी सर्द होने लगी हैं। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी बुधवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 और केलांग में 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

अन्य शहरों की बात करें, तो सेओबाग में 7.0, मनाली में 7.1, कुफरी में 7.2, बजौरा में 8.4, भुंतर में 8.8, सोलन में 9.5, बरठीं में 10.4, पालमपुर में 10.5 और सुंदरनगर में 10.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला में 11.8, मंडी में 11.9, कांगड़ा और बिलासपुर में 12.0, जुब्बड़हट्टी और देहरा गोपीपुर में 13.0, ऊना में 13.5 तथा नाहन में 14.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह सराहन में न्यूनतम तापमान 16.4, नेरी में 16.7 और पांवटा साहिब में सबसे अधिक 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। शिमला और मनाली में सुबह से गुनगुनी धूप खिली है। मैदानी और निचले इलाकों में भी दिन के समय धूप के कारण हल्की तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि, सूरज ढलने के बाद तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 नवम्बर तक प्रदेश में मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान राज्यभर में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। अगले एक सप्ताह तक दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान के सामान्य रहने जबकि रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story