हिमाचल में जमने लगी झरने और झीलें, रातें हुईं सर्द, 23 नवंबर तक बर्फबारी के आसार नहीं

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में जमने लगी झरने और झीलें, रातें हुईं सर्द, 23 नवंबर तक बर्फबारी के आसार नहीं


शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में तापमान शून्य से काफ़ी नीचे जाने के बाद झरनों, झीलों और नालों का पानी जमना शुरू हो गया है। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में प्राकृतिक जलस्रोतों पर बर्फ की परत जम रही है। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी रातें ठंडी होने लगी हैं। मंगलवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस और केलांग में माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मनाली का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 23 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। मंगलवार को शिमला और मनाली सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर धूप खिली है। दिन के समय मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मौसम विभाग की मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के उपलब्ध मौसम केंद्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद केलांग में माइनस 3.3, कल्पा में 1.1, सेओबाग में 2.5, मनाली में 2.8, बजौरा में 2.9, भुंतर में 3.4, सोलन में 4.4, बरठीं में 5.1, सुंदरनगर और कुफरी में 5.5, चंबा में 6.0, मंडी में 6.1, पालमपुर में 6.5 और शिमला में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसी तरह जुब्बड़हट्टी में न्यूनतम तापमान 8.0, कांगड़ा में 8.2, ऊना में 8.5, बिलासपुर में 9.0, नाहन में 10.8, धर्मशाला में 12.6, नेरी में 12.9, देहरा गोपीपुर में 13.0, सराहन में 15.1 और पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के आठ मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इनमें पालमपुर में सामान्य से 2.9 डिग्री, मंडी में 2.6 डिग्री, नाहन में 2.0 डिग्री, चंबा में 1.5 डिग्री और केलांग में 1.3 डिग्री सेल्सियस कम तापमान रहा। सोलन में यह सामान्य से 0.7 डिग्री, भुंतर में 0.5 डिग्री और शिमला में 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इससे साफ है कि प्रदेश के कई हिस्सों में रात की ठंड बढ़ रही है। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने से दिन में धूप से राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story