हिमाचल में 13-14 अक्टूबर को अंधड़-बिजली के साथ बारिश का अलर्ट, कुकुमसेरी में पारा 1.9 डिग्री पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 13-14 अक्टूबर को अंधड़-बिजली के साथ बारिश का अलर्ट, कुकुमसेरी में पारा 1.9 डिग्री पहुंचा


शिमला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले छह दिन मौसम के तेवर बिगड़े रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 13 और 14 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका के बीच येलो अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों में मौसम सबसे अधिक खराब रहने की संभावना है। 10 से 12 अक्टूबर और फिर 15 व 16 अक्टूबर को भी मौसम में बदलाव बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने से पहाड़ों पर ठंड बढ़ने लगी है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 1.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। यह राज्य में दर्ज सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज कुछ स्थानों पर धूप और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम मिला-जुला रहेगा। 11 और 12 अक्टूबर को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। इन तीनों दिनों के लिए आंधी-बिजली और तेज हवाओं का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 13 और 14 अक्टूबर को मौसम सबसे अधिक खराब रह सकता है। इस दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 15 और 16 अक्टूबर को मौसम में फिर कुछ सुधार होने का अनुमान है। इन दोनों दिनों के लिए भी आंधी-बिजली और तेज हवाओं का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, 16 अक्टूबर तक ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होते हुए तटीय बांग्लादेश तक फैली है। वहीं, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों से आगे बढ़ा पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और आसपास के इलाकों में करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से हिमाचल में आने वाले दिनों में मौसम बदलने का अनुमान है।

शिमला में धूप-बादलों की आवाजाही, तापमान में गिरावट

शनिवार को राजधानी शिमला में मौसम मिला-जुला बना हुआ है। शहर के कई हिस्सों में धूप निकली, जबकि कुछ स्थानों पर बादल छाए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान शिमला में 0.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है। राज्य के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में रातें अधिक ठंडी होने लगी हैं।

शनिवार को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में 4.1 डिग्री, ताबो में 5.2 डिग्री, कल्पा में 6.8 डिग्री, कुफरी में 7.8 डिग्री, मनाली में 9.4 डिग्री, शिमला में 12.5 डिग्री, भुंतर में 12.9 डिग्री, सोलन में 13.2 डिग्री, पालमपुर में 13.5 डिग्री, सुंदरनगर में 15.9 डिग्री, भरमौर में 16.0 डिग्री, नाहन में 16.4 डिग्री, मंडी में 16.8 डिग्री, कांगड़ा में 17.0 डिग्री, बरठीं में 17.5 डिग्री, सराहन में 18.2 डिग्री, ऊना और बिलासपुर में 19.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 19.0 डिग्री, नेरी में 19.2 डिग्री, पांवटा साहिब में 23.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सराहन में सबसे अधिक बारिश, शिमला और घाघस में भी बूंदाबांदी

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश शिमला जिले के सराहन में 10.5 मिलीमीटर दर्ज की गई। शिमला में 0.9 मिलीमीटर, बिलासपुर जिले के घाघस में 0.6 मिलीमीटर और शिमला स्वचालित मौसम केंद्र में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य प्रमुख मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story