हिमाचल में 11 से 13 मई तक अंधड़-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
शिमला, 07 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मई महीने के दौरान भी मौसम के तेवर नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में गुरूवार को भी बादल छाए हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 9 और 10 मई को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 11, 12 और 13 मई को प्रदेश में बारिश, अंधड़ और बिजली कड़कने की संभावना है। विभाग ने इन तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सराहन में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा रोहड़ू में 12, पंडोह में 11, कसौली में 9, मंडी में 7 और सुजानपुर टीहरा में 6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और जोत में तेज हवाओं और बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आईं।
मई महीने में हो रही इस बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। शिमला जिला के ऊपरी इलाकों में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं निचले और मैदानी इलाकों में गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम भी बारिश से प्रभावित हो रहा है। कई जगह खेतों में पड़ी गेहूं की फसल भीगने से खराब होने लगी है।
बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद कल्पा में 4.4, ताबो में 5.2, कुकुमसेरी में 5.1, कुफरी में 6.6, मनाली में 8.4, सराहन में 9.3, सियोबाग में 9.5, धर्मशाला में 10.6, शिमला में 12, डलहौजी में 12.4, सोलन में 13, पालमपुर में 13.5, चंबा में 13.6, जुब्बड़हट्टी में 14.2, सुंदरनगर में 14.5, मंडी में 14.6, कांगड़ा में 15.7, ऊना में 17.4 और बिलासपुर में 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

