हिमाचल में 3 दिन आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, जून में ठंडा मौसम
शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने 3, 4 और 5 जून को प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश और बादल छाए रहने से प्रदेश में गर्मी का असर काफी कम हो गया है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली समेत पहाड़ी क्षेत्रों में जून के पहले सप्ताह में ही मौसम ठंडा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में भी सामान्य तौर पर पड़ने वाली जून की तपिश महसूस नहीं हो रही है।
सोमवार को भी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बारिश हुई, जबकि कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। ओले गिरने से सेब और अन्य गुठलीदार फलों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान भी मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 3 जून से 6 जून तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। 3 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के कुछ क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 4 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में इसी तरह के मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 34 मिलीमीटर वर्षा सराहन में हुई। इसके अलावा कल्पा में 24.6 मिमी, सांगला में 17.4 मिमी, ददाहू में 11.2 मिमी, धौलाकुआं में 11 मिमी, पूह में 10.4 मिमी, जटन बैराज में 10.2 मिमी, पांवटा साहिब में 8.4 मिमी, ताबो में 7 मिमी और खोकसर में 6.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश और बादलों के प्रभाव से प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सोमवार को सबसे अधिक तापमान ऊना में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी 36.9, मंडी 32.8, कांगड़ा 32.6, सुंदरनगर 32.5, बरठीं 31.8, धर्मशाला 31.0, भुंतर 30.7, सोलन 30.5, चंबा 30.3, नाहन 29.9, जुब्बड़हट्टी 27.2, शिमला 23.6, मनाली 23.5, केलांग 19.7, ताबो 18.9, कुफरी 17.9 और कल्पा में 17.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

