हिमाचल में आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर गिरेगी बर्फ, शिमला की रातें बिलासपुर-सोलन से गर्म
शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव के बीच प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि राजधानी शिमला की रातें इन दिनों सोलन और बिलासपुर से ज्यादा गर्म हैं। शिमला में बुधवार काे न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोलन में यह 7.0 और बिलासपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 11 नवंबर को प्रदेश के निचले और मध्यवर्ती इलाकों में अधिकांश जगह मौसम साफ रहा और धूप खिली है। हालांकि, ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। 12 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर अधिक दिखाई देने का पूर्वानुमान है। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आगामी 13 नवंबर को मौसम का असर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के साथ शिमला जिले तक पहुंचने का अनुमान है। इस दिन शिमला सहित संबंधित क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान ऊंची चोटियों पर हिमपात और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 15, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में रात के तापमान के आंकड़े भी मौसम की अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। आमतौर पर ठंडे मौसम के लिए पहचाने जाने वाले शिमला में इन दिनों सोलन के मुकाबले रातें ज्यादा गर्म दर्ज हो रही हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सोलन में यह 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यानी दोनों शहरों के न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री का अंतर रहा। बिलासपुर में भी न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शिमला से महज 0.1 डिग्री कम है। इस तरह शिमला का न्यूनतम तापमान बिलासपुर से भी थोड़ा अधिक दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कल्पा में 2.3 डिग्री, बजौरा में 5.7 डिग्री और मनाली में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें, तो सेओबाग में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री, सुंदरनगर में 7.4 डिग्री, बरठीं में 7.5 डिग्री, भुंतर में 7.9 डिग्री, मंडी में 8.6 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री, चंबा में 10.1 डिग्री, धर्मशाला में 10.6 डिग्री, ऊना में 11.0 डिग्री, कांगड़ा में 11.4 डिग्री, नाहन में 11.7 डिग्री, भरमौर में 12.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.3 डिग्री, नेरी में 14.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 15.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

