हिमाचल में 14 अगस्त तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट, 185 सड़कें बंद

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 14 अगस्त तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट, 185 सड़कें बंद


हिमाचल में 14 अगस्त तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट, 185 सड़कें बंद


शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है और अगले छह-सात दिनों तक बारिश से राहत के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने 14 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। बाकी दिनों में येलो अलर्ट रहेगा। बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन से 185 सड़कें बंद हैं और बिजली व पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट है। 9 अगस्त को भी अलग-अलग जगह भारी बारिश के साथ येलो अलर्ट रहेगा। 10 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को भी भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 12, 13 और 14 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना के साथ येलो अलर्ट रहेगा। विभाग ने बारिश के दौरान भूस्खलन और अचानक पानी बढ़ने वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा जिले के धर्मशाला में सबसे अधिक 48.1 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल्लू के बाजौरा ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 31.5 मिलीमीटर, मनाली में 22 मिलीमीटर और भुंतर में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मंडी जिले के सलापड में 21.8 मिलीमीटर और मुरारी देवी में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। कुल्लू के कोठी में 18 मिलीमीटर और मंडी के जोगिंदरनगर में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के सराहन में 15.6 मिलीमीटर, मंडी के सुंदरनगर में 15 मिलीमीटर और शिमला में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। सिरमौर के धौलाकुआं ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

शनिवार सुबह शिमला सहित कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कई जगह बारिश हो रही है। लगातार बारिश का असर सड़क संपर्क पर भी दिख रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शनिवार सुबह तक भूस्खलन के कारण राज्य में 185 सड़कें बंद थीं। मंडी सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 92 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 48, चंबा और शिमला में 14-14, सिरमौर में नौ, कांगड़ा में पांच और ऊना में तीन सड़कें बंद हैं।

बारिश से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। राज्य में 104 ट्रांसफार्मर बंद हैं। इनमें कुल्लू के 53 और मंडी के 34 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। किन्नौर में 12 और चंबा में एक ट्रांसफार्मर बंद है। पेयजल आपूर्ति की 77 योजनाएं भी ठप हैं, जिनमें सिरमौर की 55 योजनाएं शामिल हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से संवेदनशील सड़कों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story