हिमाचल में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में कम हुई तपिश

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में कम हुई तपिश


हिमाचल में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, मैदानी इलाकों में कम हुई तपिश


शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आज भी मौसम खराब बना हुआ है और अधिकांश इलाकों में बादल छाए हुए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। इससे राज्य के मैदानी और निचले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है और गर्मी का असर कम हुआ है। पहाड़ी इलाकों में भी मौसम हल्का ठंडा हो गया है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

मौसम विभाग ने आज कुछ स्थानों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। आगामी 6 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहेंगे। वहीं, 3 व 4 मई को कई इलाकों में आंधी-बिजली व वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में 13.7, भुंतर में 10.5 और कल्पा में 5.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। ऊना में 18.2 और नाहन में 17.1 डिग्री तापमान रहा। पालमपुर में 15.6, मनाली में 8.9, कांगड़ा में 16.7 और मंडी में 15.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री रहा।

अन्य स्थानों की बात करें तो जुब्बड़हट्टी में 15.0, कुकुमसेरी में 5.9, पांवटा साहिब में 24.0, सराहन में 10.1, देहरा गोपीपुर में 19.0 और ताबो में सबसे कम 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ी है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का असर कम हुआ है।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार सराहन में सबसे अधिक 28.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मनाली में 14.0, जोगिंदरनगर क्षेत्र में 8.2 और सेओबाग में 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा शिमला में 2.4, सुंदरनगर और भुंतर में 4.2-4.2, धर्मशाला में 4.1 और मंडी में 4.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चलीं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। इसके चलते अगले एक हफ्ते तक राज्य में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रदेश के निचले इलाकों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे जून जैसी गर्मी पड़ रही थी और इसका असर जनजीवन पर भी देखा गया था। हालांकि अब मौसम के बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और आने वाले दिनों में भी यह राहत जारी रहने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story