हिमाचल में 30 मार्च तक खराब रहेगा मौसम, चार दिन आंधी-बिजली का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 30 मार्च तक खराब रहेगा मौसम, चार दिन आंधी-बिजली का येलो अलर्ट


हिमाचल में 30 मार्च तक खराब रहेगा मौसम, चार दिन आंधी-बिजली का येलो अलर्ट


शिमला, 24 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम अगले कई दिनों तक बदला हुआ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 30 मार्च तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इस दौरान चार दिन तक कई स्थानों पर आंधी चलने और आसमानी बिजली कड़कने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल सकते हैं।

मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं 25 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। इस दिन पहाड़ों पर बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

27 मार्च को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि इस दिन किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद 28 से 30 मार्च के बीच एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहले से ज्यादा सक्रिय रहेगा। इन तीन दिनों के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले पखवाड़े में प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क बना रहा था, लेकिन दूसरे पखवाड़े में 18 मार्च के बाद से कई इलाकों में लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है। इसके कारण प्रदेश में ठंड फिर से बढ़ गई है और तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है।

बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। केलांग में 3.0 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 1.2 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। इसी तरह मुरारी देवी में 27.0 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 15.2 मिलीमीटर, जोगिंद्रनगर में 15.0 मिलीमीटर, भरमौर में 11.0 मिलीमीटर, मनाली, चंबा और मंडी में 7-7 मिलीमीटर, सराहन में 5.0 मिलीमीटर, बागी में 4.5 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 4.2 मिलीमीटर, भुंतर और जोत में 4.0-4.0 मिलीमीटर तथा कल्पा में 3.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

ठंड का असर भी प्रदेश में बना हुआ है। मंगलवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ताबो सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य स्थानों में शिमला का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, सुंदरनगर 9.9 डिग्री, भुंतर 7.0 डिग्री, कल्पा 0.8 डिग्री, धर्मशाला 7.2 डिग्री, ऊना 13.0 डिग्री, नाहन 10.2 डिग्री, पालमपुर 9.5 डिग्री, सोलन 9.4 डिग्री, मनाली 3.9 डिग्री, कांगड़ा 11.8 डिग्री, मंडी 10.7 डिग्री, बिलासपुर 13.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 10.0 डिग्री, कुफरी 4.1 डिग्री, कुकुमसेरी 0.9 डिग्री, कसाैली 10.5 डिग्री, पांवटा साहिब 16.0 डिग्री, सराहन 6.5 डिग्री, देहरा गोपीपुर 14.0 डिग्री और नेरी में 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story