हिमाचल के सरकारी स्कूलों में प्रवक्ताओं के 4,606 पद खाली, कंप्यूटर विज्ञान में सबसे ज्यादा कमी
शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रवक्ताओं के हजारों पद खाली हैं। सबसे अधिक कमी कंप्यूटर विज्ञान विषय के प्रवक्ताओं की है, जहां स्वीकृत 1,641 पदों में से 905 पद रिक्त पड़े हैं। प्रदेश के स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी स्कूलों में प्रवक्ताओं के 3,256 पद खाली हैं। वहीं, 145 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में भी 1,350 पद रिक्त हैं। इस तरह दोनों श्रेणियों के स्कूलों में प्रवक्ताओं के कुल 4,606 पद खाली हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विधायक सुधीर शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में विधानसभा में यह जानकारी दी। मंत्री के अनुसार स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी स्कूलों में प्रवक्ताओं के 14,987 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 11,731 पद भरे हुए हैं, जबकि 3,256 खाली हैं। कंप्यूटर विज्ञान विषय में 1,641 स्वीकृत पदों में से केवल 736 पर प्रवक्ता कार्यरत हैं। इसके अलावा प्रदेश के 145 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में प्रवक्ताओं के 2,984 पद स्वीकृत हैं। इनमें 1,634 पद भरे हुए हैं और 1,350 रिक्त हैं।
शिक्षा मंत्री ने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों और अध्यापकों के अनुपात (पीटीआर) का ब्योरा भी दिया। इसके अनुसार प्राथमिक स्तर पर एक अध्यापक के अनुपात में 12 विद्यार्थी हैं। माध्यमिक स्तर पर यह अनुपात 6, उच्च स्तर पर 8 और वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर 10 विद्यार्थियों का है। सरकार ने इस अनुपात के आधार पर हिमाचल प्रदेश को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल बताया है।
स्कूलों में विद्यार्थियों की औसत संख्या के बारे में बताया गया कि एक प्राथमिक स्कूल में औसतन 22 विद्यार्थी हैं। माध्यमिक स्कूल में यह संख्या 19, उच्च स्कूल में 56 और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 183 विद्यार्थी है। इस तरह वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की औसत संख्या सबसे अधिक है।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2002 से प्रदेश में जन्म दर में कमी आई है। इसके अलावा पिछले 25 वर्षों में सरकारी स्कूलों की तुलना में निजी स्कूलों में विद्यार्थियों का दाखिला बढ़ा है। सरकार के अनुसार इस अवधि में सरकारी स्कूलों में स्वीकृत पदों की संख्या में कमी नहीं हुई है। विद्यार्थियों के नामांकन के आधार पर सरकारी स्कूलों में पर्याप्त अध्यापक उपलब्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

