विदेश दौरे से शनिवार को लौटेंगे विस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां शनिवार को विदेश दौरे से स्वदेश लौटेंगे। वह नॉर्वे की राजधानी ओस्लो से दुबई होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेंगे। पठानिया 13 सितंबर से विदेश दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा कई स्मृतियों से भरपूर और ज्ञानवर्धक रहा। विदेश प्रवास के दौरान मिले अनुभवों को वह हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ साझा करेंगे और पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश के लिए उपयोगी पहलुओं पर गंभीरता से चर्चा करेंगे।
पठानियां ने 14 से 17 सितंबर तक दक्षिण अफ्रीका की विधायी राजधानी केपटाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल अंतरराष्ट्रीय संसदीय सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर बतौर वक्ता अपने विचार रखे। इसके बाद उन्होंने इटली, फिनलैंड और नॉर्वे का आधिकारिक अध्ययन प्रवास किया। इन देशों में उन्होंने भारतीय दूतावास के अधिकारियों, भारतीय समुदाय के लोगों और स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
विदेश प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने पर्यटन से जुड़े विषयों पर स्थानीय अधिकारियों और उद्योगपतियों से भी मुलाकात की। उन्होंने इन देशों में पर्यटन के विकास, उससे जुड़े तौर-तरीकों और संभावनाओं का अध्ययन किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। पठानिया ने संवाद के दौरान प्रदेश के सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन का विशेष रूप से उल्लेख किया और हिमाचल की पर्यटन क्षमता को विदेशों में सामने रखा।
पठानिया ने विदेशों में हिमाचल के स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से चंबा रूमाल, हिमाचली टोपी और शॉल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के ये उत्पाद प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और पहचान से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरों के दौरान हिमाचली उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का प्रयास करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह विदेश दौरे से कई नई स्मृतियों और अनुभवों के साथ स्वदेश लौट रहे हैं। विभिन्न देशों में पर्यटन और अन्य विषयों को लेकर हुए अध्ययन तथा संवाद से उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि विदेश दौरे के दौरान सामने आए अनुभवों को हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ साझा किया जाएगा और खासकर पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश के लिए उपयोगी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

