प्रदेश में जल जीवन मिशन की 1,081 योजनाओं का काम अटका
शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को हिमाचल विधानसभा में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के सवाल के जवाब में प्रश्नकाल में कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से 1,227 करोड़ रुपये की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। राशि जारी नहीं होने के कारण प्रदेश में 1,081 पेयजल योजनाओं का काम अधूरा पड़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 1 और 2 सितंबर को नई दिल्ली में जल जीवन मिशन को लेकर बैठक होगी। इस बैठक में राज्य सरकार केंद्र से लंबित राशि जल्द जारी करने का मामला उठाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए 6,395 करोड़ रुपये मंजूर हुए थे। इससे 1,747 योजनाओं का निर्माण किया जाना था। केंद्र से बकाया राशि नहीं मिलने के कारण 1,081 योजनाओं का काम अटक गया है।
मोहन लाल ब्राक्टा ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की अधूरी पेयजल योजनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 16 पेयजल योजनाओं को पूरा करने के लिए करीब 8 करोड़ रुपये की जरूरत है। विभाग ने इन योजनाओं का काम पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री से धन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाग को 100 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है। इस राशि में से कुछ धन रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की अधूरी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।
ब्राक्टा ने कहा कि जिन पेयजल योजनाओं का काम पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द लोगों को समर्पित किया जाना चाहिए। उन्होंने ठेकेदारों की बकाया देनदारियों का भुगतान करने की मांग भी उठाई।
मूल सवाल के जवाब में बताया गया कि 31 योजनाओं में विभाग का काम पूरा हो चुका है, लेकिन इनसे जुड़े ठेकेदारों की 5.54 करोड़ रुपये की राशि अभी बकाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

