लेक व्यू होटल बंद नहीं करेगी हिमाचल सरकार, अस्पतालों में दंत चिकित्सकों के 59 पद खाली

WhatsApp Channel Join Now
लेक व्यू होटल बंद नहीं करेगी हिमाचल सरकार, अस्पतालों में दंत चिकित्सकों के 59 पद खाली


शिमला, 26 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार बिलासपुर स्थित एचपीटीडीसी के लेक व्यू होटल को बंद नहीं करेगी। सरकार ने इस होटल को ऑपरेशन और मेंटेनेंस आधार पर देने की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक त्रिलोक जम्बाल के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लेक व्यू होटल को बंद करने का कोई विचार नहीं है। उन्होंने होटल की आय और खर्च का ब्यौरा भी सदन में रखा। इसके अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में होटल को 140.20 लाख रुपये की आय हुई, जबकि इस दौरान 153.13 लाख रुपये खर्च हुए। इस अवधि में होटल को 12.93 लाख रुपये का घाटा हुआ।

वित्त वर्ष 2024-25 में होटल की आय 128.67 लाख रुपये रही और खर्च 133.91 लाख रुपये हुआ। इस वर्ष होटल को 5.24 लाख रुपये का घाटा हुआ। वित्त वर्ष 2025-26 में होटल की आय बढ़कर 159.81 लाख रुपये हो गई, जबकि व्यय 133.91 लाख रुपये रहा। इस दौरान होटल को 16.03 लाख रुपये का लाभ हुआ।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक होटल की आय 48.04 लाख रुपये रही है और खर्च 52.21 लाख रुपये हुआ है। इस अवधि में होटल को 4.16 लाख रुपये का घाटा हुआ है। सरकार की ओर से होटल को ऑपरेशन और मेंटेनेंस आधार पर देने की मंजूरी के बीच इसे बंद करने की कोई योजना नहीं है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि प्रदेश के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दंत चिकित्सकों के 211 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 59 पद वर्तमान में रिक्त हैं।

मंत्री ने बताया कि रिक्त पदों को भरना एक निरंतर प्रक्रिया है। सरकार इन पदों को भरने के लिए प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करती है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत दंत चिकित्सकों के 14 पद स्वीकृत हैं। इनमें 13 पद नेशनल ओरल हेल्थ प्रोग्राम के तहत हैं, जबकि एक पद जिला अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के तहत आईजीएमसी शिमला के लिए मंजूर है। एनएचएम के तहत स्वीकृत सभी 14 पद वर्तमान में भरे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story