हिमाचल विधानसभा : खेल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार के कई ऐलान, खिलाड़ियों को नौकरी और मुआवजे का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल विधानसभा : खेल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार के कई ऐलान, खिलाड़ियों को नौकरी और मुआवजे का भरोसा


शिमला, 20 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान शुक्रवार को खेल, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार की ओर से जवाब और घोषणाएं सामने आईं। युवा सेवा एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा कि सरकार डॉ. वाईएस परमार वालीबॉल प्रतियोगिता को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का दर्जा देने जा रही है। उन्होंने विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के सवाल के जवाब में बताया कि प्रदेश सरकार खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के लिए भी प्रयास कर रही है। इसके तहत योग्यता के आधार पर तीन प्रतिशत कोटे का प्रावधान लागू किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को लाभ मिल सके।

खेल मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही कबड्डी अभी ओलंपिक खेलों में शामिल नहीं है, लेकिन कबड्डी विश्व कप जीतने वाली टीम में शामिल हिमाचल की महिला खिलाड़ियों को सरकार की ओर से तय पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयनित होते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उन्हें आवेदन करने पर सरकार यात्रा और अन्य खर्चों के लिए सहायता भी प्रदान करती है।

वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नारला-मंडी फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर प्रभावित लोगों के मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने विधायक पूर्ण चंद के सवाल के जवाब में कहा कि इस परियोजना से प्रभावित लोगों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से उचित मुआवजा दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस सड़क परियोजना से 2044 परिवार प्रभावित हुए हैं और सरकार हर मामले को एनएचएआई के साथ उठाकर प्रभावितों की मदद सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एनएचएआई पर राज्य सरकार का सीधा नियंत्रण नहीं है, लेकिन निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सदन में चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने विधायक किशोरी लाल के सवाल के जवाब में कहा कि बैजनाथ अस्पताल में स्टाफ की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में डॉक्टरों और जरूरी उपकरणों की कमी को भी पूरा किया जाएगा। इस दौरान विधायक किशोरी लाल ने बताया कि अस्पताल में 57 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 37 अभी खाली हैं।

इसके अलावा विधायक राकेश कालिया के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दौलतपुर चौक स्थित आदर्श स्वास्थ्य संस्थान में जल्द ही जनरेटर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story