बिलासपुर में नौ ऐतिहासिक किले, बच्चरेटू किले के जीर्णोद्धार की कोई योजना नहीं

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर में नौ ऐतिहासिक किले, बच्चरेटू किले के जीर्णोद्धार की कोई योजना नहीं


शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नौ ऐतिहासिक किले दर्ज हैं। हालांकि इनमें प्रमुख ऐतिहासिक धरोहर बच्चरेटू किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की फिलहाल सरकार की कोई प्रस्तावित योजना नहीं है। सरकार ने विधानसभा में यह स्थिति स्पष्ट की है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। विधायक ने सरकार से बिलासपुर जिले में मौजूद ऐतिहासिक किलों की संख्या और उनके नाम की जानकारी मांगी थी। साथ ही उन्होंने पूछा था कि क्या सरकार ऐतिहासिक बच्चरेटू किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का विचार रखती है और यदि हां, तो इसे कब तक किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए लिखित जवाब के अनुसार बिलासपुर जिले में कुल नौ ऐतिहासिक किले हैं। इनमें बच्चरेटू किला, बरसेह किला, फतेहपुर किला, सरयून किला, त्यून किला, झंज्यार किला, बहादुरपुर किला, कोट कहलूर किला और रतनपुर किला शामिल हैं।

विधायक जीत राम कटवाल ने खास तौर पर ऐतिहासिक बच्चरेटू किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने को लेकर सरकार से स्थिति पूछी थी। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई भी प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। यानी मौजूदा समय में बच्चरेटू किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कोई प्रस्तावित योजना सरकार के पास नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story