अटल आदर्श विद्यालय बंद नहीं किए, सरकार अधूरे काम कर रही पूरे : सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
अटल आदर्श विद्यालय बंद नहीं किए, सरकार अधूरे काम कर रही पूरे : सुक्खू


शिमला, 25 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने अटल आदर्श विद्यालयों को बंद नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों का निर्माण कार्य पूर्व सरकार के समय शुरू किया गया था और जो काम अधूरा रह गया था, उसे वर्तमान सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने यह जानकारी विधायक अनुराधा राणा के सवाल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के अनुपूरक सवाल के जवाब में दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री और पूर्व प्रधानमंत्रियों का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अटल आदर्श विद्यालय आवासीय स्कूल हैं, जबकि राजीव गांधी के नाम से बनाए जा रहे स्कूलों में डे बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थियों को दिन के समय पढ़ाई और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इससे पहले मूल सवाल के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि जिला लाहौल-स्पीति में तीन राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से ऐसे स्कूलों की स्थापना कर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story