तीन दिन के अवकाश के बाद आज फिर बैठेगी हिमाचल विधानसभा, हंगामे के आसार

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन के अवकाश के बाद आज फिर बैठेगी हिमाचल विधानसभा, हंगामे के आसार


शिमला, 31 अगस्त (हि.स.)। तीन दिन के अवकाश के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही सोमवार को फिर शुरू होगी। विधानसभा में आज सत्र की सातवीं बैठक होगी। कार्यवाही दोपहर बाद दो बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। इस दौरान बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों पर सरकार से जवाब मांगे जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस सप्ताह की सरकारी कार्यसूची पर सदन में वक्तव्य देंगे।

आज की कार्यवाही में रोजगार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

मुख्यमंत्री सदन में दो दस्तावेज भी रखेंगे। इनमें विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के यात्रा भत्ता (संशोधन) नियम, 2026 और मानवाधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2025-26 शामिल हैं। कल्याण समिति के सभापति मोहन लाल ब्राक्टा भी अपनी रिपोर्ट सदन में पेश करेंगे।

नियम-62 के तहत दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी सदन में आएंगे। फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया डिपो होल्डरों की ओर से किसानों को सामान्य यूरिया के साथ नैनो यूरिया प्लस खरीदने के लिए कथित रूप से मजबूर किए जाने का मामला उठाएंगे। इस मुद्दे पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जाएगी।

श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र की संपर्क सड़कों की बदहाल स्थिति का मामला भी सदन में उठाएंगे। वह सरकार से इन सड़कों की स्थिति और उनके सुधार के लिए किए जा रहे काम की जानकारी मांगेंगे।

नियम-130 के तहत भी दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। विपक्ष के पांच विधायक रणधीर शर्मा, सुधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, डॉ. हंस राज और जीत राम कटवाल युवाओं के लिए रोजगार से संबंधित गारंटी लागू करने की मांग को लेकर प्रस्ताव चर्चा के लिए लाएंगे। इस दौरान युवाओं को रोजगार देने से जुड़े सरकार के वादों और मौजूदा स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है।

शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया जल विद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी, फ्री पावर और जल उपकर की बकाया राशि की वसूली का मामला उठाएंगे। उनके प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राज्य को मिलने वाली इन मदों की बकाया राशि और उसकी वसूली की स्थिति पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 3 सितंबर तक चलेगा। इस सत्र में कुल 10 बैठकें निर्धारित हैं। तीन दिन के अवकाश के बाद आज होने वाली सातवीं बैठक में प्रश्नकाल के साथ ही विभिन्न प्रस्तावों और सरकारी कामकाज पर चर्चा होगी। युवाओं के रोजगार का मुद्दा सदन की कार्यवाही के दौरान खास तौर पर चर्चा में रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story