हमीरपुर डिपो को 14 नई बसें, बड़सर में एचआरटीसी के तीन रूट बंद
शिमला, 20 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर विधानसभा में अहम जानकारी सामने आई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में लिखित जवाब में बताया कि पिछले तीन वर्षों में एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो को कुल 14 नई बसें दी गई हैं। इसके साथ ही डिपो में सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 19 कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, जिनमें दो चालक, छह परिचालक और 11 निरीक्षक वर्ग के कर्मचारी शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इन नई बसों और कर्मचारियों की नियुक्ति से क्षेत्र में परिवहन सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। हालांकि, दूसरी ओर हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बस सेवाओं को लेकर अलग तस्वीर सामने आई है, जहां पिछले तीन वर्षों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के तीन महत्वपूर्ण बस रूट बंद कर दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के लिखित सवाल के जवाब में बताया कि हमीरपुर से दियोटसिद्ध-धनेड़ रूट पर चलने वाली बस सेवा 6 जनवरी 2025 से बंद कर दी गई। इसी तरह सुंदरनगर-ब्यास-शाहतलाई-बड़सर-ऊना रूट पर बस सेवा 29 दिसंबर 2023 से बंद है। इसके अलावा पालमपुर से दिल्ली जाने वाली वोल्वो बस, जो सुजानपुर, हमीरपुर, भोटा, बड़सर, बंगाणा और ऊना मार्ग से होकर गुजरती थी, उसे 20 नवंबर 2024 को बंद कर दिया गया।
हालांकि सरकार ने कुछ राहत देने के लिए 28 अक्टूबर 2025 से मैहरे-बरठीं-डंगार रूट पर नई लोकल बस सेवा शुरू की है।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बंद किए गए बस रूटों को दोबारा शुरू करना संसाधनों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

