हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र की आज आखिरी बैठक, तीन विधेयक होंगे पारित
शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के बजट सत्र के 11वें सत्र की गुरूवार को अंतिम बैठक आयोजित की जा रही है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। आज की बैठक में प्रश्नकाल के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी निपटाए जाएंगे। सत्र के अंतिम दिन भी सदन के हंगामेदार रहने के आसार जताए जा रहे हैं।
आज की कार्यवाही के दौरान सदन में सदस्यों द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्नों के मौखिक उत्तर दिए जाएंगे, जबकि अतारांकित प्रश्नों के उत्तर पृथक सूचियों में मुद्रित रूप में सभापटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा तीन सरकारी विधेयकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और उनके पारित होने की भी संभावना है।
बैठक के दौरान नियम-324 के तहत भाजप विधायक विक्रम सिंह शिमला स्थित नाभा की आवासीय कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी समस्या का मुद्दा सदन में उठाएंगे। वहीं भाजपा विधायक सुखराम चौधरी और कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर नियम-61 के तहत अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सदन के ध्यान में लाएंगे।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण 18 मार्च से शुरू हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 21 मार्च को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश किया था, जिसे 30 मार्च को पारित कर दिया गया। इससे पहले बजट सत्र का पहला चरण 16 से 18 फरवरी तक चला था, जिसमें कुल तीन बैठकें आयोजित हुई थीं।
पूरे बजट सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार तीखी बहस और हंगामे की स्थिति भी देखने को मिली। ऐसे में सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

