हिमाचल विधानसभा के बाहर भी गरमाया सियासी माहौल, हिमकेयर-सहारा पर भाजपा का सरकार पर निशाना

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल विधानसभा के बाहर भी गरमाया सियासी माहौल, हिमकेयर-सहारा पर भाजपा का सरकार पर निशाना


शिमला, 25 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को सदन के बाहर भी सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। दोनों पक्षों ने अलग-अलग प्रदर्शन कर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। विपक्ष ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की गई। दोनों पक्षों के नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अपने-अपने मुद्दे उठाए।

भाजपा ने हिमकेयर और सहारा योजना को लेकर सरकार को घेरा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इन योजनाओं को कमजोर किए जाने या बंद किए जाने से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ा है। उनका कहना था कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा से वंचित किया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदेश के बच्चे-बच्चे को थी और इसके माध्यम से लाखों हिमाचलियों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस योजना को बंद कर प्रदेशवासियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा से दूर कर रही है।

जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष की ओर से किए गए प्रदर्शन पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अभी से विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। उनका दावा था कि प्रदेश की जनता आने वाले समय में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने वाली है।

दूसरी ओर, सत्ता पक्ष ने महंगाई और भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों को लेकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया।

वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर देश और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने का आरोप लगाया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर विपक्ष को चर्चा करनी चाहिए। उनका आरोप था कि इन मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के आगामी चुनाव को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और विपक्ष को सत्ता में वापसी के ख्वाब देखना बंद कर देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story