हिमाचल शहरी निकाय चुनाव: दोपहर एक बजे तक 49 फीसदी मतदान, शतकवीर बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल शहरी निकाय चुनाव: दोपहर एक बजे तक 49 फीसदी मतदान, शतकवीर बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह


शिमला, 17 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के लिए रविवार सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता दिख रहा है। दोपहर एक बजे तक राज्य के 51 शहरी निकायों में करीब 49 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ रही। कई जगह महिलाएं परिवार सहित वोट डालने पहुंचीं, जबकि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

इस बार चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी खास चर्चा में रही। कई शतकवीर उम्र पार कर चुके बुजुर्ग भी पोलिंग स्टेशन पहुंचे और मतदान किया। शिमला जिले की नगर पंचायत चिड़गांव में 100 साल से अधिक उम्र की कौल दासी मतदान करने पहुंचीं। वहीं ठियोग के वार्ड नंबर-1 से 85 वर्षीय परमा नंद दो लाठियों के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे। सुन्नी के वार्ड नंबर-1 से 85 वर्षीय जितेंद्र ने भी वोट डाला। चिड़गांव में एक बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे। इससे पहले ठियोग वार्ड नंबर-2 में 102 वर्षीय विमला देवी सूद के मतदान करने की तस्वीरें भी सामने आई थीं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में हमीरपुर जिले में सबसे अधिक 69.22 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि सिरमौर जिले में सबसे कम 18 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 57 फीसदी, चंबा में 48 फीसदी, कांगड़ा में 56 फीसदी, कुल्लू में 35 फीसदी, मंडी में 53 फीसदी, शिमला में 60 फीसदी, सोलन में 61 फीसदी और ऊना में 62 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

उधर, चार नगर निगमों में भी मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक नगर निगम क्षेत्रों में करीब 45 फीसदी मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के मुताबिक कांगड़ा में 44 फीसदी, मंडी में 47 फीसदी और सोलन में 44 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला का आंकड़ा अभी जारी नहीं किया गया था।

प्रदेश में धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन नगर निगमों के साथ 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। कुल 449 वार्डों में से 10 वार्डों में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 439 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों पर 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे कई जगह मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।

प्रदेशभर में करीब तीन लाख 60 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें एक लाख 80 हजार से अधिक पुरुष और करीब एक लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव में 1808 मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं। महिलाओं के लिए 196 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेशभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 589 मतदान केंद्र बनाए हैं। चुनाव ड्यूटी में 2340 मतदान कर्मियों के साथ 1170 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। चुनाव में करीब 1300 ईवीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदान अपरान्ह तीन बजे तक चलेगा।

नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद शुरू होगी, जबकि नगर निगमों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे। पिछले शहरी निकाय चुनाव में प्रदेश में करीब 73 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इस बार निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत पिछली बार से अधिक रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story