हिमाचल निकाय चुनाव : बुजुर्गों के जज्बे ने बढ़ाई वोटिंग की रफ्तार, कोई लाठियों के सहारे तो कोई व्हीलचेयर पर पहुंचा मतदान केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल निकाय चुनाव : बुजुर्गों के जज्बे ने बढ़ाई वोटिंग की रफ्तार, कोई लाठियों के सहारे तो कोई व्हीलचेयर पर पहुंचा मतदान केंद्र


हिमाचल निकाय चुनाव : बुजुर्गों के जज्बे ने बढ़ाई वोटिंग की रफ्तार, कोई लाठियों के सहारे तो कोई व्हीलचेयर पर पहुंचा मतदान केंद्र


शिमला, 17 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार को शहरी निकाय चुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान लोकतंत्र की सबसे भावुक और प्रेरणादायक तस्वीरें बुजुर्ग मतदाताओं से देखने को मिलीं। कोई दो लाठियों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचा, तो कोई व्हीलचेयर पर बैठकर वोट डालने आया। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बावजूद बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह के शुरुआती दो घंटों में करीब 15 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मतदान की रफ्तार भी तेज होती गई और सुबह 11 बजे तक प्रदेश में करीब 35 फीसदी मतदान हो चुका था। हालांकि कई मतदान केंद्रों से अभी रिपोर्ट आना बाकी है।

शिमला जिले के रामपुर बुशहर में सुबह 11 बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां एक दिव्यांग मतदाता को एनसीसी कैडेट्स व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। मतदान केंद्र के बाहर यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। नगर पंचायत चिड़गांव में सुबह 11 बजे तक 47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक मतदान वाले क्षेत्रों में शामिल रहा।

चिड़गांव में 100 साल से अधिक उम्र की कौल दासी मतदान करने पहुंचीं और उन्होंने अपना वोट डाला। वहीं ठियोग के वार्ड नंबर-1 से 85 वर्षीय परमा नंद दो लाठियों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। सुन्नी के वार्ड नंबर-1 से 85 वर्षीय जितेंद्र भी वोट डालने पहुंचे। चिड़गांव में एक बुजुर्ग मतदाता व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे। इन बुजुर्ग मतदाताओं के जज्बे ने मतदान केंद्रों पर मौजूद युवाओं और अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित किया। कई जगह लोगों ने बुजुर्ग मतदाताओं का स्वागत भी किया।

प्रदेश के अलग-अलग शहरों में सुबह से ही महिलाओं और युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने कहा कि वे अपने शहर के विकास, साफ व्यवस्था और बेहतर नेतृत्व के लिए मतदान कर रहे हैं। कई महिलाओं ने परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सोलन, रामपुर, सुजानपुर और नालागढ़ समेत कई शहरों में महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी दिखाई दी।

नगर परिषद सुजानपुर में सुबह 11 बजे तक 48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं नालागढ़ नगर परिषद चुनाव में सुबह 11 बजे तक 37.66 फीसदी मतदान हुआ। नालागढ़ के वार्ड नंबर-4 मेन साहिब वाला में सबसे अधिक 47.11 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 6962 मतदाताओं में से 2622 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों के अनुसार महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

सोलन नगर निगम में भी सुबह से मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। यहां कुल 38 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 14 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। मतदाताओं ने कहा कि वे शहर के बेहतर भविष्य और विकास के लिए मतदान करने पहुंचे हैं।

जिला बिलासपुर के विभिन्न शहरी निकायों में भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। सुबह 9 बजे तक नगर परिषद घुमारवीं में 18.8 फीसदी, नगर पंचायत तलाई में 16.67 फीसदी, नगर परिषद श्री नैना देवी जी में 26.61 फीसदी और नगर परिषद बिलासपुर में 15.89 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

प्रदेश में चार नगर निगम धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन सहित 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। कुल 449 वार्डों में से 10 वार्डों में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 439 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों पर 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जिससे कई जगह मुकाबला रोचक हो गया है।

प्रदेशभर में करीब तीन लाख 60 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 80 हजार से अधिक पुरुष और करीब एक लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। 1808 मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं। महिलाओं के लिए 196 वार्ड आरक्षित हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और चुनाव ड्यूटी में 2340 मतदान कर्मियों के साथ 1170 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। चुनाव में करीब 1300 ईवीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद शुरू होगी, जबकि नगर निगमों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

पिछले शहरी निकाय चुनाव में प्रदेश में करीब 73 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इस बार निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव से अधिक रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story