हिमाचल में पुलिस विभाग में फेरबदल, कई आईपीएस और एचपीपीएस अधिकारियों को नई तैनाती

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीपीएस) के कई अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती की घोषणा की गई है।

जारी आदेश के मुताबिक आईपीएस अधिकारी डॉ. खुशहाल चंद शर्मा पहले कमांडेंट, द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह, जिला कांगड़ा में तैनात थे और एसपी स्पेशल टास्क फोर्स धर्मशाला जोन का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे। अब उन्हें प्रिंसिपल, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह, जिला कांगड़ा नियुक्त किया गया है। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही आईपीएस अधिकारी सौम्या संबासिवन इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।

आईपीएस अधिकारी अशोक रतन वर्तमान में कांगड़ा जिले में एसपी धर्मशाला के पद पर तैनात हैं। सरकार ने उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। अब उनके पास कमांडेंट, द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह, जिला कांगड़ा तथा एसपी स्पेशल टास्क फोर्स धर्मशाला जोन का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।

एचपीपीएस अधिकारियों में भी कई बदलाव किए गए हैं। दिनेश कुमार पहले एसपी सीआईडी शिमला में तैनात थे। अब उन्हें एसपी (वेलफेयर), पुलिस मुख्यालय शिमला में नई तैनाती मिली है।

पंकज शर्मा को एसपी (वेलफेयर) पुलिस मुख्यालय शिमला से स्थानांतरित कर एसपी, प्रिज़न्स एंड करेक्शनल सर्विसेज शिमला बनाया गया है।

नवदीप सिंह पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी शिमला में तैनात थे। नई व्यवस्था के तहत उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, देहरा (पुलिस जिला देहरा) भेजा गया है। प्रमोद चौहान को स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) उसी ब्यूरो में नियुक्ति मिली है।

अमर सिंह पहले प्रथम एचपीएपी बटालियन जुंगा में डीएसपी के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें डीएसपी (लीव रिजर्व), पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनात किया गया है। कमल किशोर-1 को विजिलेंस मुख्यालय से स्थानांतरित कर डीएसपी, प्रथम एचपीएपी बटालियन जुंगा भेजा गया है।

कमल किशोर-2 पहले आईजीपी दक्षिणी रेंज शिमला के कार्यालय में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनात थे। अब उनकी नियुक्ति डीएसपी, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) शिमला में की गई है। गीतांजलि ठाकुर पहले डीएसपी लीव रिजर्व पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनात थीं। अब उन्हें आईजीपी दक्षिणी रेंज शिमला के कार्यालय में स्टाफ ऑफिसर बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story