हिमाचल के हिल स्टेशनों में बढ़ी सैलानियों की चहल-पहल, शिमला और मनाली में लगा तांता
शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। दिवाली के बाद हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशनों में एक बार फिर सैलानियों की आवाजाही बढ़ रही है। इस वीक एंड पर राजधानी शिमला और मनाली में पर्यटकों की आमद में तेजी आई है। शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी लगभग 50 फीसदी तक पहुंच गई है, जबकि मनाली में यह आंकड़ा 60 फीसदी दर्ज किया गया है। मौसम सुहावना होने और पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ गई है। खासकर परिवारों और समूहों में घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है।
शनिवार और रविवार को शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों माल रोड और रिज मैदान पर दिनभर सैलानियों की चहल-पहल बनी रही। माल रोड पर पर्यटकों के समूह घूमते और खरीदारी करते नजर आए। रिज मैदान पर भी दिनभर पर्यटकों की आवाजाही जारी रही। कार्ट रोड से माल रोड तक पहुंचने के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। लिफ्ट में सफर करने के लिए पर्यटकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़ से पर्यटन कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।
शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि दिवाली के बाद से पर्यटक शिमला की आबोहवा में कुछ दिन बिताने के लिए पहुंच रहे हैं। इस वीक एंड पर पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल रहने से सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद है।
उधर, मनाली में भी पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है। लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों का रुझान मनाली की ओर बढ़ा है। पहाड़ों पर बर्फ देखने की चाह में सैलानी मनाली पहुंच रहे हैं। मनाली के होटलों में 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहने और बर्फबारी की खबरों से आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
शिमला सहित प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। दिन के समय धूप और ठंडे मौसम का मेल पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में हिल स्टेशनों में घूमने आने वाले सैलानियों को मौसम की अनुकूल परिस्थितियां मिल सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

