हिमाचल में साढ़े तीन साल में 7.59 करोड़ पर्यटक पहुंचे, 2.64 लाख विदेशी सैलानी भी आए

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में साढ़े तीन साल में 7.59 करोड़ पर्यटक पहुंचे, 2.64 लाख विदेशी सैलानी भी आए


शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान 7 करोड़ 59 लाख 5 हजार 479 पर्यटकों का आगमन हुआ है। इनमें 2 लाख 64 हजार 824 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा में पर्यटकों की संख्या और विदेशों से आने वाले सैलानियों का देशवार ब्योरा भी दिया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान गगरेट के विधायक राकेश कालिया के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। विधायक ने पूछा था कि पिछले तीन वर्षों में 1 अगस्त 2026 तक प्रदेश में कितने पर्यटक आए और इनमें किस-किस देश के पर्यटक शामिल हैं। उन्होंने देशवार पर्यटकों की संख्या का ब्योरा भी मांगा था।

मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए जवाब के अनुसार वर्ष 2023 में हिमाचल प्रदेश में 1 करोड़ 60 लाख 49 हजार 24 पर्यटक पहुंचे। वर्ष 2024 में पर्यटकों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 81 लाख 24 हजार 694 हो गई। वर्ष 2025 में प्रदेश में 3 करोड़ 11 लाख 47 हजार 155 पर्यटकों का आगमन हुआ। वर्ष 2026 में 1 अगस्त तक 1 करोड़ 6 लाख 28 हजार 706 पर्यटक हिमाचल पहुंचे।

इन आंकड़ों को मिलाकर पिछले तीन वर्षों और वर्ष 2026 में 1 अगस्त तक प्रदेश में कुल 7 करोड़ 59 लाख 5 हजार 479 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है।

सरकार ने इसी अवधि में हिमाचल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बताई है। कुल 2 लाख 64 हजार 824 विदेशी पर्यटक प्रदेश पहुंचे। इनमें सबसे अधिक पर्यटक यूनाइटेड किंगडम से 49 हजार 29 आये। संयुक्त राज्य अमेरिका से आने वाले पर्यटकों की संख्या 26 हजार 207 रही। इसके अलावा फ्रांस से 8 हजार 417, इटली से 5 हजार 1 और कनाडा से 7 हजार 323 पर्यटक हिमाचल पहुंचे। संयुक्त अरब अमीरात से 677, पाकिस्तान से 7 और अमेरिका से 26 हजार 207 पर्यटकों का आगमन हुआ।

इसी अवधि में जर्मनी से 9 हजार 283, मलेशिया से 5 हजार 713, ऑस्ट्रेलिया से 15 हजार 226 और स्विट्जरलैंड से 3 हजार 398 पर्यटक हिमाचल आए। बांग्लादेश से 3 हजार 989, श्रीलंका से 5 हजार 578 और जापान से 2 हजार 765 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया।

सऊदी अरब से 433, सिंगापुर से 3 हजार 522 और ईरान से 240 पर्यटक हिमाचल पहुंचे। सरकार के रिकॉर्ड में अन्य देशों से आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 1 लाख 18 हजार 16 दर्ज की गई है। सभी देशों के आंकड़ों को मिलाकर विदेशी पर्यटकों की कुल संख्या 2 लाख 64 हजार 824 रही।

विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार प्रदेश में पर्यटकों का सबसे अधिक सालाना आगमन वर्ष 2025 में दर्ज हुआ, जब 3 करोड़ 11 लाख 47 हजार 155 पर्यटक हिमाचल पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2026 में 1 अगस्त तक ही 1 करोड़ 6 लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन दर्ज किया जा चुका था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story