हिमाचल में पर्यटन पर पांच साल में 15 हजार करोड़ रुपये निवेश करेगी सरकार : सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पर्यटन पर पांच साल में 15 हजार करोड़ रुपये निवेश करेगी सरकार : सुक्खू


शिमला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10 हज़ार से 15 हज़ार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में हाई-एंड पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ हवाई कनेक्टिविटी मजबूत की जाएगी। सरकार का लक्ष्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना है।

मुख्यमंत्री रविवार को शिमला जिले के नालदेहरा गोल्फ कोर्स में कोटी गोल्फ कप-2026 के समापन समारोह में बोल रहे थे। यह प्रतियोगिता 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित की गई। इसमें 80 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया।

सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा और प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। राज्य सरकार हवाई सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये भी उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। शिमला के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटकों के आवागमन को सुविधा मिलेगी और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सतत पर्यटन के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स लीज पर दी गई हैं। इससे राज्य को 22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स को प्रदेश के सबसे खूबसूरत गोल्फ स्थलों में से एक बताया और इसके विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नीतिगत बदलाव कर रही है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि कॉलेज और विश्वविद्यालय के दिनों में वह इस क्षेत्र में आया करते थे।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसे पर्यटकों के लिए भी खोला गया है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोल्फ कोर्स के विकास के लिए राज्य सरकार ने 1.82 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story