हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, 5 डिग्री लुढ़का पारा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, 5 डिग्री लुढ़का पारा


शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने सर्दियों की आहट तेज कर दी है। ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान वीरवार को करीब 5 डिग्री लुढ़क गया। लाहौल-स्पीति के केलांग और गोंडला में बर्फबारी हुई है। चंबा जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। किन्नौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में भी बर्फ गिर रही है। राजधानी शिमला में वीरवार को दिनभर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम ठंडा होने से लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।

लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति में कुछ सड़कें बंद

लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। केलांग में 3 सेंटीमीटर और गोंडला में 5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार दारचा से सरचू, दारचा से शिंकुला और ग्राम्फू से बातल तक तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद है।

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक सड़क खुली है। रोहतांग दर्रे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ही यातायात की अनुमति है। स्पीति में सुमदो से काजा होते हुए बातल तक सड़क खुली हुई है। उदयपुर में तांदी से कढू नाला तक भी वाहनों की आवाजाही जारी है।

शिमला में दिनभर बादल, अधिकतम तापमान 21 डिग्री

वीरवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर तापमान पर भी दिखा। शिमला में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले स्तर से 2.2 डिग्री कम है। दिनभर बादल छाए रहने से राजधानी में ठंड महसूस की गई और लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए।

अन्य प्रमुख स्थानों पर अधिकतम तापमान सुंदरनगर में 25.6, भुंतर में 18, कल्पा में 14.8, धर्मशाला में 21, ऊना में 32.6, नाहन में 26.9, केलांग में 3.7, मनाली में 11.2 और कुफरी में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीते 24 घंटों में शिमला जिले के खदराला में सबसे अधिक 81.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 28 मिलीमीटर, पालमपुर में 19 मिलीमीटर और कुकुमसेरी में 15.9 मिलीमीटर बारिश हुई। खदराला में ओलावृष्टि भी हुई। सुंदरनगर में कोहरा छाया रहा। जोत, एएमएस कांगड़ा और पालमपुर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। कुल्लू, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई।

कुकुमसेरी सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री

बर्फबारी और बारिश के बीच ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में रात का तापमान काफी नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में यह 1.2 डिग्री और केलांग में 2.7 डिग्री रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मनाली में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, कुफरी में 8.9 डिग्री, सेओबाग में 9.8 डिग्री और भरमौर में 10 डिग्री रहा। पालमपुर में 11 डिग्री, भुंतर और बजौरा में 11.3 डिग्री, शिमला में 12 डिग्री और सोलन में 13.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

देहरा गोपीपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.9 डिग्री, चंबा में 15 डिग्री, सुंदरनगर में 15.2 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री और कांगड़ा में 15.4 डिग्री रहा। मंडी में 16.3 डिग्री, सराहन में 17.2 डिग्री, बरठीं में 17.4 डिग्री, ऊना में 18 डिग्री, नेरी में 18.4 डिग्री और बिलासपुर में 18.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

16 और 17 अक्टूबर को बारिश-बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को मैदानी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए कोई मौसम चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story